'बेटी को उठा ले जाऊंगा...' कानपुर में जेल से छूटे शोहदे की धमकी से छात्रा ने बंद किया स्कूल जाना, अब पुलिस सुरक्षा में जाएगी
कानपुर के महाराजपुर में एक छात्रा शोहदे की धमकी से डरकर स्कूल जाना बंद कर दिया है, जो छेड़छाड़ के आरोप में जेल से छूटकर आया है। पीड़ित पिता ने डीजीपी ...और पढ़ें

कक्षा नौ की छात्रा से छेड़छाड़।
HighLights
शोहदे के डर से सहमी छात्रा ने स्कूल जाना किया बंद, घर में हुई कैद
महाराजपुर के गांव का मामला, छेड़छाड़ का दर्ज है आरोपित के खिलाफ मुकदमा
पीड़ित पिता ने डीजीपी कार्यालय में की शिकायत, एडीसीपी पूर्वी ने की जांच
संवाद सहयोगी, महाराजपुर (कानपुर)। कानपुर के महाराजपुर के एक गांव में बेखौफ शोहदा छेड़छाड़ के आरोप में जेल जाने के बाद भी नाबालिग छात्रा का जीना दुश्वार किए है। डरी - सहमी छात्रा ने अपने आपको घर में कैद कर लिया है। एक माह से वो डर के मारे स्कूल भी नहीं जा रही है।
पीड़िता के पिता ने छात्रा के साथ डीसीपी पूर्वी से लेकर लखनऊ स्थित डीजीपी कार्यालय तक शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। शुक्रवार देर शाम एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने पीड़िता के घर पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि बच्ची को पुलिस सुरक्षा में स्कूल से घर लाया और ले जाया जाए। पीड़ित पिता को अनहोनी की आशंका है। वो बच्ची की सुरक्षा को लेकर बहुत परेशान है।
कक्षा नौ की छात्रा है
महाराजपुर के एक गांव निवासी 14 वर्षीय कक्षा नौ की छात्रा बीती 30 मार्च को स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में सूनसान जगह पर गांव के ही 25 वर्षीय युवक ने उसे बुरी नीयत से दबोच लिया था। छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को आता देख शोहदा छात्रा को छोड़कर फरार हो गया था।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
बाद में पीड़िता के पिता ने आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। पहले तो पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केवल शांतिभंग की कार्रवाई की थी। लेकिन बाद में मामले ने तूल पकड़ा तो मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेजा था। लेकिन जेल से छूटने के बाद आरोपित ने फिर परेशान करना शुरू कर दिया।
खबरें और भी
घर के बाहर से निकलते हुए देता धमकी
पीड़ित पिता का आरोप है कि वो प्रतिदिन घर के सामने से धमकी देते हुए निकलता है। कहता है जब तक बेटी को उठा नहीं ले जाऊंगा तब तक चैन नहीं लूंगा। सहमी छात्रा पिछले एक माह से स्कूल नहीं जा रही है। पिता का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर चौकी से लेकर थाने व डीसीपी पूर्वी तक वो मामले की शिकायत कर चुका है। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
खुलेआम घूम रहा आरोपित
आरोपित खुलेआम घूम रहा है। दबंगई दिखाते हुए धमका रहा है। लेकिन हमारी बेटी को न्याय नहीं मिल पा रहा है। बीते सोमवार को पीड़ित ने लखनऊ में डीजीपी कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं से निर्देश जारी होने के बाद शुक्रवार को एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह पीड़ित के घर पहुंची। घटना की जानकारी ली और आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह पीड़िता के घर गई थीं।घटना की जानकारी ली और छात्रा को सुरक्षा व मदद का भरोसा दिलाया।
छेड़छाड़ पर शांतिभंग में हुआ था चालान,पाला पहनकर निकला था आरोपित
30 मार्च को छात्रा को बुरी नीयत से दबोचने के बाद पीड़िता के पिता ने स्थानीय चौकी में शिकायत की थी तो उसे टरका दिया था। बाद में थाने में शिकायत की तो पुलिस ने केवल शांतिभंग में आरोपित का चालान किया था। कुछ ही घंटो में आरोपित निजी मुचलके पर जमानत मिलने के बाद घर आ गया। छूटने के बाद उसी दिन शाम को आरोपित पीड़िता के घर के बाहर से माला पहनकर उत्सव जैसा मनाते हुए निकला था। धमकाया भी था कि देखा मेरा रसूख। जेल नहीं भेज पाया कोई मुझे। मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेजा था। लेकिन आरोप है कि जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपित फिर से धमकी दे रहा है। पीड़ित पूरा परिवार डरा व सहमा है।
यह भी पढ़ें- किसानों से वार्ता सफल, अगस्त में लॉन्च होगी 'न्यू कानपुर सिटी' योजना; सिंहपुर और कल्याणपुर के बीच बसेगी हाईटेक सिटी
यह भी पढ़ें- कानपुर बाजार भाव: अरहर दाल और लाही की कीमतों में उछाल, सोना-चांदी के दाम स्थिर; देखें 15 मई की नई रेट लिस्ट
यह भी पढ़ें- CNG Price Hike: पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी में बड़ा उछाल, कानपुर में 3 रुपये महंगी हुई गैस; जानें नई दरें
यह भी पढ़ें- कानपुर के खेल समाचार 15 मई: केडीएमए लीग में एंजल वूमेंस एकादश की छठवीं जीत, ग्रीन पार्क में 24 से बाक्सिंग चैंपियनशिप