Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    छात्र नेता देवेंद्र महतो सदर अस्पताल में, हालत स्थिर; विधानसभा घेराव के दौरान लाठीचार्ज में कई छात्र घायल

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 11:06 PM (IST)

    रांची में जेपीएससी व जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। पु ...और पढ़ें

    सदर अस्पताल रांची में इलाजरत छात्र नेता देवेंद्र महतो।

    सदर अस्पताल रांची में इलाजरत छात्र नेता देवेंद्र महतो।

    HighLights

    1. विधानसभा घेराव में गेट नंबर एक पर पुलिस बल का प्रयोग।

    2. पुलिस लाठीचार्ज में छात्र नेता समेत कई छात्र घायल।

    3. घायल छात्रों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह भिड़ंत हुई। देर शाम विधानसभा गेट नंबर एक से प्रदर्शनकारियों को हटाने में पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा। इसमें छात्र और पुलिसकर्मी दोनों घायल हुए हैं। 

    इसमें कई छात्रों के घायल होने की सूचना है। आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि प्रशासन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। देवेंद्र को ऑक्सीजन सपोर्ट पर सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार हालत स्थिर है। वे एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में पहुंचे थे। बाद में छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल हो गए।

    विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी। छात्रों के बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब छात्र नहीं रुके तो लाठीचार्ज किया गया। इसमें कई छात्र घायल हो गए।

    लाठीचार्ज के बाद घायल छात्रों को तत्काल एंबुलेंस और निजी वाहनों से अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत पांच गंभीर रूप से घायल छात्रों को सदर अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। साथ ही एक घायल पुलिसकर्मी भी इलाजरत है।

    खबरें और भी

    वहीं, जम्मू की छात्रा रीना जसलुटिया भी प्रदर्शन के दौरान घायल हो गईं। उन्हें पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

    सदर अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने संभाला मोर्चा

    घायल छात्रों के सदर अस्पताल पहुंचते ही इमरजेंसी में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम सक्रिय हो गई। ड्यूटी पर तैनात मेडिसिन चिकित्सक डॉ. हरिश्चंद्र कुमार, डॉ. रुचिका पटेल समेत जूनियर डॉक्टरों ने घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत सभी घायलों की चिकित्सकीय जांच की गई।

    आवश्यकतानुसार चेस्ट और शरीर के अन्य हिस्सों का एक्स-रे भी कराया गया। सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह भी इमरजेंसी पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों को उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे समर्थक और नेता

    छात्रों के घायल होने और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक सदर अस्पताल पहुंच गए। कई अन्य लोग और नेता भी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। इससे अस्पताल परिसर में भीड़ बढ़ गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सदर अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

    गेट नंबर-1 के पास बिगड़ी स्थिति

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। गेट नंबर-1 के पास पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी। पुलिस के रोकने के बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे और बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा परिसर की तरफ जाने का प्रयास किया।

    इसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद कई छात्रों के घायल होने की सूचना सामने आई।

    सदर अस्पताल में भर्ती छात्र

    लाठीचार्ज के बाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत पांच छात्रों को भर्ती कराया गया। इनमें शामिल हैं-

    • देवेंद्र नाथ महतो
    • मोहम्मद आमिर, रांची
    • रविंद्र मंडल, गोविंदपुर, धनबाद
    • कृष्णा, हजारीबाग
    • आरती पांडेय, दुमका

    चिकित्सकों ने सभी घायलों की जांच कर आवश्यक उपचार किया।

    घायल पुलिसकर्मी का भी पारस अस्पताल में इलाज

    विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों के साथ टकराव में एक पुलिसकर्मी यादव के भी घायल होने की सूचना है। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

    इस तरह विधानसभा घेराव के दौरान दोनों पक्षों के घायल होने से स्थिति गंभीर हो गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

    यह भी पढ़ें- विधानसभा के गेट नंबर-1 पर छात्रों ने शुरू किया धरना, हटाने का प्रयास जारी; दूसरे जिले से भी रांची बुलाई जा रही है पुलिस

    यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर के बाद अब रांची में प्रदर्शकारियों पर एक्सपायर्ड आंसू गैस के इस्तेमाल का आरोप, छात्रों ने उठाए गंभीर सवाल

    यह भी पढ़ें- विधानसभा घेराव में चला ‘प्रणाम सर’ और पैर छूने का दौर, 8 बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े छात्र; खेलगांव बना कैंप जेल

    यह भी पढ़ें- झारखंड में भाजपा ने आंदोलन का बना दिया दो सेंटर, मुख्यमंत्री आवास पर धरना देकर सरकार पर बनाया दबाव