अमेरिका-इजरायल–ईरान तनाव का असर रसोई तक: सरसों तेल और रिफाइंड महंगा, जानें कानपुर सहित आपके शहर में दाम
अमेरिका-इजरायल-ईरान तनाव के कारण खाद्य तेलों की कीमतें बढ़ गई हैं। कच्चे माल की आपूर्ति में 50% गिरावट और जहाजों का किराया बढ़ने से रिफाइंड व सरसों ते ...और पढ़ें

सरसों के तेल और रिफाइंड के दामों में वृद्धि।
HighLights
अमेरिका-ईरान तनाव से खाद्य तेलों की कीमतें बढ़ीं।
कच्चे माल की आपूर्ति में 50% की गिरावट आई।
कानपुर में सरसों और रिफाइंड तेल 10-16 रुपये महंगा।
निर्मल पांडेय, कानपुर। अमेरिका-इजरायल व ईरान के बीच चल रहे महासंग्राम का असर रसोई पर भी पड़ रहा है। विदेश से खाद्य तेलों के कच्चे माल की आपूर्ति में कमी से रिफाइंड महंगा हो गया है। सरसों के तेल के दाम भी बढ़े हैं। कारोबारियों के अनुसार, जहाजों का किराया बढ़ने व रास्ते में अनहोनी की आंशका के चलते कच्चा माल कम आ रहा है। इसी वजह से दामों में उछाल आया है।
कानपुर में पांच बड़ी आयल फैक्ट्रियां हैं। इनमें रिफाइंड व सरसों तेल समेत सभी खाद्य तेल मिलाकर प्रतिदिन दो से ढाई हजार टन का उत्पादन होता है। करीब 150 टन रिफाइंड व 500 टन सरसों तेल की खपत कानपुर-बुंदेलखंड व आसपास जिलों में हर दिन होती है, जबकि बाकी की आपूर्ति बाहर के जिलों में की जाती है। रिफाइंड बनाने के काम आने वाला सोया क्रूड ब्राजील व अर्जेंटीना से और पाम आयल मलेशिया व इंडोनेशिया से आता है।
आवक में 50 प्रतिशत गिरावट
युद्ध से पहले रोजाना करीब 10 लाख टन की आवक थी, लेकिन इसमें 50 प्रतिशत की गिरावट आई है। रनियां औद्योगिक क्षेत्र में एडबिल आयल कंपनी के संचालक विजय गुप्ता के अनुसार, वैश्विक तनाव से पहले सोया क्रूड आयल की कीमत 135 रुपये प्रतिलीटर थी, जो कुछ दिन बाद 142 और अब 152 रुपये प्रतिलीटर है।
कानपुर में अब ये है कीमत
पाम आयल की कीमत 128 रुपये प्रतिलीटर थी, जो अब 142 रुपये है। इसका असर रिफाइंड की कीमतों पर पड़ा है। फुटकर बाजार में 750 मिलीलीटर सोया रिफाइंड का दाम 135 रुपये था, जो 10 रुपये की वृद्धि के साथ 145 रुपये पहुंच गया है। तिलहन का सीजन होने के बाद भी सरसों का तेल महंगा हुआ है। सोया क्रूड व पाम आयल की जगह सरसों पर निर्भरता बढ़ने से ऐसा हुआ है।
खबरें और भी
थोक से लेकर फुटकर में वृद्धि
फैक्ट्री से थोक बाजार में सरसों का तेल 20-22 दिन पहले 135 रुपये प्रतिलीटर पहुंच रहा था। इसमें 16 रुपये की वृद्धि हुई है और यह थोक में 151 रुपये प्रतिलीटर बिक रहा है। गुमटी में आयल मिल चलाने वाले रवि गुप्ता व किराना व्यापारी अमन गुप्ता ने बताया कि कानपुर के साथ पूरे देश में 50 प्रतिशत खाद्य तेलों की आपूर्ति विदेश पर निर्भर है। फुटकर में सरसों का तेल 167.50 रुपये प्रतिलीटर था, वह 12.50 रुपये की वृद्धि के साथ 180 रुपये में मिल रहा है। कुछ फुटकर दुकानदार 185 रुपये में भी बेच रहे हैं।
Farrukhabad में दस रुपये महंगा हुआ रिफाइंड
जनपद में स्थानीय किराना दुकानदारों के अनुसार, बीते दिनों की तुलना में रिफाइंड के दामों में दस रुपये तक की तेजी देखी जा रही है। वहीं सरसों के तेल के दामों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं है।
Auraiya में 10 रुपये महंगा हुआ सरसों का तेल और रिफाइंड
दुकानदार नहर बाजार निवासी महेश पोरवाल के अनुसार एक सप्ताह पहले तक सरसों का तेल 160 रुपये प्रति लीटर था। जो अब बढ़कर 170 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार रिफाइंड 750 ग्राम का पैकेट 125 रुपये का था जो अब 135 रुपये का हो गया है।
Chitrakoot में भी बढ़े दाम
सरसों का तेल पहले 160 रुपये प्रति लीटर था वहीं, अब 170 रुपये कीमत हो गई है। रिफाइंड पहले 135 रुपये (750 एमएल) और अब 145 रुपये है।
Banda में भी महंगा हुआ तेल
सरसों का तेल 180 रुपये (एक लीटर) जबकि रिफाइंड 145 रुपये (750 एमएल) है। किराना दुकानदार रामचंद्र गुप्त ने बताया कि सरसों का तेल 20 रुपये महंगा हुआ है जबकि रिफाइंड आयल 10 रुपये महंगा हुआ है।
Unnao में भी असर
सरसों का तेल 180 रुपये (एक लीटर) व रिफाइंड 150 रुपये (750 एमएल) है। गुड्डू गुप्ता थोक और फुटकर विक्रेता ने बताया कि फुटकर बाजार में सरसों तेल में 10 से 15 रुपया और रिफाइंड में 20 रुपया प्रति 750 एमएल पैकेट की वृद्धि हुई है।
Kannauj में सरसों के तेल और रिफाइंड़ में पांच-पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
किराना दुकानदार गुड्डू कटियार तिर्वा रोड ने बताया कि सरसों का तेल पहले 170 रुपये प्रति लीटर-अब 175 रुपये। रिफाइंड पहले 135 रुपये (750 एमएल) अब 145 रुपये।
Hamirpur में सरसों के तेल व रिफाइंड का दाम
किराना व्यापारी घनश्याम गुप्ता ने बताया कि सरसो का तेल 165 रुपये (प्रति लीटर) व रिफाइंड 130 रुपये (750 एमएल) व 155 रुपये (प्रति लीटर)।
Fatehpur में सरसों का तेल 10 व रिफाइंड 5 रुपये हुआ महंगा
किराना दुकानदार राकेश गुप्ता ने बताया कि पहले सरसों का तेल 165 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था, लेकिन अब इसमें दस रुपये का इजाफा होकर 175 रुपये में बिक रहा है। रिफाइंड 145 रुपये में 750 एमएल मिलता था, लेकिन अब 150 में बिक रहा है। वहीं चक्की में सरसों का तेल 190 रुपये में बिकता था, जो अब बढ़कर 200 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में सुरंग बना ज्वैलर्स शॉप में चोरी का राजफाश, 3 गिरफ्तार, माल खरीदने वाला सर्राफ भी पकड़ा गया
यह भी पढ़ें- उन्नाव में गैस की किल्लत से आक्रोश, सिलिंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं का कानपुर-लखनऊ हाईवे पर हंगामा
यह भी पढ़ें- MBBS एडमिशन का झांसा! मेडिकल कालेज का प्राचार्य बन ठगे 5.75 लाख, डॉक्टर के परिचित की बेटी बनी शिकार