MBBS एडमिशन का झांसा! मेडिकल कालेज का प्राचार्य बन ठगे 5.75 लाख, डॉक्टर के परिचित की बेटी बनी शिकार
कानपुर में एमबीबीएस दाखिले के नाम पर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक डॉक्टर के परिचित की बेटी को एमबीबीएस में सीट दिलाने का झांसा देक ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में आरोपित। सौजन्य पुलिस
HighLights
कानपुर में एमबीबीएस दाखिले के नाम पर ठगी का मामला।
डॉक्टर के परिचित से 5.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई।
दो आरोपी सिलीगुड़ी से गिरफ्तार, मुख्य जालसाज फरार।
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (कानपुर)। कानपुर (Kanpur) में मेडिकल दाखिले के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। जालसाजों ने एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित को न सीट मिली न रुपये वापस हुए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
कल्याणपुर में एक नामी डाक्टर को झांसे में लेकर उनके मित्र की बेटी का दाखिला एमबीबीएस में कराने के नाम पर ठगी हुई। ठगों ने 5.75 लाख रुपये की ठगी की। कल्याणपुर के डा. पंकज प्रांजल के पास बीती 16 फरवरी को काल आई थी। काल करने वाले ने खुद को बिहार के कटिहार मेडिकल कालेज का प्राचार्य डा. आरबी गुप्ता बताते हुए एमबीबीएस की एक सीट रिक्त होने की जानकारी दी। भरोसा होने पर डा. पंकज ने कल्याणपुर कला निवासी मित्र सुनील कुमार को जानकारी दी।
शुरुआत में चार लाख मांगे
सुनील ने बेटी के दाखिले के लिए आरोपित से संपर्क किया तो उसने चार लाख रुपये मांगे। पीड़ित ने मेडिकल कालेज के खाते में 25 हजार और अलकरीम ट्रस्ट के खाते में 3.75 लाख भेज दिए। आरोपित ने 22 फरवरी को पटना बुलाया लेकिन खुद पहुंचने की जगह मोबाइल पर संदेश भेजकर 3.50 लाख रुपये और मांगे। इस पर उन्होंने 1.75 लाख रुपये भेज दिए। बाद में उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो मुकदमा दर्ज कराया।
सिलीगुड़ी से गिफ्तार किया दोनों को
कल्याणपुर पुलिस ने बंगाल के जलपाईगुड़ी के शांतिपारा निवासी जयंत सरकार और दार्जिलिंग के सिलीगुड़ी बाबूपारा निवासी सौरव आइंच को सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपितों के खाते में ठगी की रकम मंगाई गई थी। कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि दो आरोपितों को जेल भेजा गया है। मुख्य आरोपित की तलाश की जा रही है।