उन्नाव में गैस की किल्लत से आक्रोश, सिलिंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं का कानपुर-लखनऊ हाईवे पर हंगामा
उन्नाव में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं ने कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जमकर हंगामा किया और जाम लगा दिया। भैयाजी गैस एजेंसी पर बुकिंग के ...और पढ़ें

हाईवे पर प्रदर्शन करते गैस उपभोक्ता। जागरण
HighLights
एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर सड़कों पर उतरे उपभोक्ता
200 से अधिक लोगों ने लखनऊ हाईवे पर प्रदर्शन शुरू किया
जागरण संवाददाता, उन्नाव। उन्नाव में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज़ लोगों ने कानपुर-लखनऊ हाईवे पर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नवाबगंज की भैयाजी गैस एजेंसी पर बुकिंग के बाद सिलिंडर डिलिवर्ड का मैसेज उपभोक्ताओं के मोबाइल पर पहुंच गया। लेकिन उनका सिलिंडर उन्हें नहीं मिला। इससे नाराज होकर 200 से अधिक लोग मंगलवार दोपहर 1.30 बजे एजेंसी के बाहर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद सभी नारेबाजी करते हुए कानपुर-लखनऊ हाईवे पर प्रदर्शन करने लगे। इससे हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया।
पुलिस कर्मियों ने तुरंत लोगों को हाईवे से हटाकर उनकी समस्या सुनी। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी को सूचना दी। जिला पूर्ति अधिकारी ने हसनगंज तहसील से कर्मचारी को भेजकर सभी समस्याएं नोट कराई और निस्तारण का भरोसा दिया। तब जाकर लोग शांत हुए। इस दौरान आधा घंटे तक खलबली मची रही।
गैस एजेंसियों पर उपभोक्ता की रही भीड़
गैस सिलिंडर की किल्लत जिले में बरकरार है। सोमवार को भी गैस सिलिंडर के लिए एजेंसियों पर भीड़ रही। वहीं पुरवा में 150 उपभोक्ताओं को बिना सिलिंडर के मायूस होकर लौटना पड़ा। इसके अलावा शहर की भारत गैस एजेंसी से भी 42 उपभोक्ताओं को बिना सिलिंडर के लौटना पड़ा। यही हाल जिले की अन्य एजेंसियों पर भी रहा।
खबरें और भी
रोजाना 12 गैस सिलिंडर की बुकिंग
जिले में रोजाना 12 हजार गैस सिलिंडर की बुकिंग हो रही है। 62 गैस एजेंसी के माध्यम से उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराए जाते हैं। लेकिन मौजूदा समय बुकिंग के सापेक्ष लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। शनिवार को ईद और रविवार को सप्ताहिक अवकाश के बाद सोमवार को गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही एजेंसी के बाहर सिलिंडर के लिए लोगों की कतार लगना शुरू हो गई है।
निराश लौटे उपभोक्ता
शहर के सिविल लाइन स्थित भारत गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडर के लिए खड़े 42 उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा। उनका कहना था कि बुकिंग के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिला। इससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जबकि पुरवा स्थित भारत गैस एजेंसी पर सिलिंडर का लोड नहीं आया। इससे 150 उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
सुनें उपभोक्ताओं की समस्या
एजेंसी पहुंचे उपभोक्ता सन्नो, रमेश, राजा कुमार, मुकेश, राशिद, राम सुमेर, आदित्य कुमार आदि ने बताया कि घर में गैस खत्म हो गई है। एक सप्ताह से सिलिंडर नहीं मिला है। जबकि बुकिंग भी करा दी गई थी। इसके बाद भी सिलिंडर नहीं मिल रहा है। बताया कि एजेंसी संचालक ने मंगलवार को दोबारा आकर देखने की बात कही है। पूर्ति निरीक्षक भावेश सिंह ने बताया कि मंगलवार को गैस सिलिंडर का लोड आ जाएगा। एजेंसी संचालकों को घर-घर सिलिंडर भिजवाने का निर्देश दिए दिया गया है। यही हाल बीघापुर, हसनगंज, नवाबगंज, सफीपुर, असोहा आदि क्षेत्र में भी रहा।
गैस सिलिंडर की आपूर्ति लगातार हो रही है। शुरू में अधिक बुकिंग के कारण कुछ दिक्कत हुई थी, लेकिन अब उतनी समस्या नहीं है। लोगों को सिलिंडर मिल रहे हैं। सभी एजेंसी संचालकों को घर-घर सिलिंडर भिजवाने का निर्देश दिया गया है। ताकि लोगों को एजेंसी का चक्कर न काटना पड़े।
- राज बहादुर सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी