Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा में कानून व्यवस्था पर सवाल; हथियारबंद युवकों ने चौक में रेहड़ी तोड़ी, वीडियो वायरल

    Updated: Sat, 21 Feb 2026 03:53 PM (IST)

    बठिंडा के माहेश्वरी चौक में शुक्रवार रात हथियारबंद युवकों ने एक रेहड़ी तोड़ दी, जिसका वीडियो वायरल हो गया है। इस घटना से शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभी ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बठिंडा में हथियारबंद युवकों ने रेहड़ी तोड़ी, वीडियो वायरल।

    2. घटना से शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे।

    3. पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बीती शुक्रवार रात माहेश्वरी चौक में हुई घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक तलवारें, कृपान और अन्य तेजधार हथियार लहराते हुए एक रेहड़ी को तोड़ते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

    वायरल वीडियो के आधार पर सामने आया है कि युवक बेखौफ होकर बाजार क्षेत्र में उत्पात मचा रहे थे। आसपास मौजूद लोग डर के कारण दूरी बनाए खड़े दिखाई दे रहे हैं। माहेश्वरी चौक शहर का प्रमुख और व्यस्त बाजार माना जाता है, जहां देर रात तक आवाजाही रहती है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना ने व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।

    यह भी पढ़ें- नशा तस्कर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर; तीन मुकदमों वाला आरोपी प्रशासनिक कार्रवाई से घिरा

    व्यापारियों ने कारोबार प्रभावित होने की कही बात

    स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि खुलेआम इस तरह हथियार लहराए जाएंगे तो कारोबार प्रभावित होगा। उनका आरोप है कि कुछ दिन पहले पूजा वाला मोहल्ला में भी हथियारबंद युवकों का वीडियो सामने आया था, लेकिन उसके बाद भी सख्त कार्रवाई नजर नहीं आई। लगातार सामने आ रहे वीडियो से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

    लोगों का कहना है कि शहर में गुंडागर्दी की घटनाएं बढ़ रही हैं और अपराधी तत्वों में कानून का भय कम होता दिख रहा है। इंटरनेट मीडिया पर भी नागरिक प्रशासन से ठोस और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- पंजाब में बिजली के बिल ना मिलने से बढ़ी टेंशन; सॉफ्टवेयर अपडेट बना कारण, तीन महीने से अटके

    पुलिस ने वीडियो की जांच की शुरू

    इस संबंध में थाना कैंट के प्रभारी इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की गहन जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। जिस व्यक्ति की रेहड़ी को नुकसान पहुंचाया गया, उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

    शहरवासियों ने मांग की है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित नाकाबंदी की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

    यह भी पढ़ें- अमृतसर के जगीवाल में संपत्ति विवाद से दुखी छोटे भाई ने की आत्महत्या; 11 लोगों पर मामला दर्ज