Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा में लुधियाना के सहकारी बैंक का कर्मचारी लापता; थर्मल झील के पास मिली गाड़ी, तलाश में जुटी टीमें

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 05:10 PM (IST)

    बठिंडा में सहकारी बैंक कर्मचारी बिक्रमजीत सिंह संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसकी गाड़ी थर्मल झील के पास मिली है। झील में तलाश जारी है, लेकिन अब तक ...और पढ़ें

    थर्मल प्लांट की झील में सर्च अभियान जारी।

    थर्मल प्लांट की झील में सर्च अभियान जारी।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिले के संगत मंडी क्षेत्र में एक सहकारी बैंक कर्मचारी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। गांव भगवानगढ़ पुखावाली निवासी 30 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह शनिवार को अचानक गायब हो गया। उसकी थार गाड़ी बठिंडा-गोनियाना मार्ग पर स्थित थर्मल झील नंबर दो और तीन के बीच सड़क किनारे खड़ी मिली, जिसके बाद युवक के झील में कूदने की आशंका जताई जा रही है।

    गाड़ी मिलने की सूचना मिलते ही थाना संगत पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद राहत एवं बचाव दलों की मदद से झील में युवक की तलाश शुरू कर दी गई। खोज अभियान में एनडीआरएफ और सहारा जनसेवा की टीमें लगातार जुटी हुई हैं, लेकिन देर शाम तक युवक के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका।

    यह भी पढ़ें- पाकिस्तान सीमा से ड्रोन ‘ड्रग डिलीवरी’ का जाल; पंजाब में तीन साल में डेढ़ गुना मामले बढ़े

    bhathinda search l

    लापता बैंक कर्मचारी की फाइल फोटो।

    लुधियाना में सहकारी बैंक में कार्यरत

    सूचना मिलने पर लापता युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि बिक्रमजीत सिंह लुधियाना में सहकारी बैंक में कार्यरत है और अभी अविवाहित है। उन्होंने यह भी बताया कि उसकी मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और पहले भी वह एक-दो बार बिना बताए घर से चला गया था।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। थाना संगत के अतिरिक्त प्रभारी एएसआई बाबू लाल ने बताया कि युवक की गाड़ी झील के पास मिलने के बाद से ही खोज अभियान तेज कर दिया गया है। गोताखोरों और बचाव दल की सहायता से झील के विभिन्न हिस्सों में तलाश की जा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- बठिंडा में गैस किल्लत पर ‘डाकू’ बनकर उतरे पूर्व पार्षद; सिलेंडर लूटकर जताया विरोध, पेट्रोल पर भी सवाल

    बचाव दल कोशिशों में जुटा

    स्थानीय लोगों का कहना है कि झील का क्षेत्र गहरा और विस्तृत है, जिससे खोज अभियान में कठिनाई आ रही है। इसके बावजूद टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें।

    इस घटना से इलाके में चिंता का माहौल है। परिवार को युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है, जबकि पुलिस और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं कि जल्द से जल्द कोई ठोस जानकारी सामने आ सके।

    यह भी पढ़ें- बठिंडा में चोरों का आतंक; रेहड़ी, गुरुद्वारा और घर सहित पांच वारदातें, एक आरोपित गिरफ्तार