बठिंडा में गैस किल्लत पर ‘डाकू’ बनकर उतरे पूर्व पार्षद; सिलेंडर लूटकर जताया विरोध, पेट्रोल पर भी सवाल
बठिंडा में गैस किल्लत के विरोध में पूर्व पार्षद डाकू बनकर घोड़े पर सवार हुए और प्रतीकात्मक रूप से सिलेंडर लूटे। उन्होंने सरकारों को जिम्मेदार ठहराते ह ...और पढ़ें

डाकू बन घोड़े पर सवार पूर्व पार्षद।
HighLights
पूर्व पार्षद विजय कुमार ने डाकू बन किया विरोध।
रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत पर जताया गुस्सा।
सरकार से नियमित आपूर्ति और कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा शहर में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर एक अनोखा और ध्यान खींचने वाला विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। लाइन पार क्षेत्र के पूर्व पार्षद विजय कुमार ने आम प्रदर्शन के बजाय अलग तरीका अपनाते हुए घोड़े पर सवार होकर डाकू का रूप धारण किया और लोगों से प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर ‘लूटकर’ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अनोखे अंदाज ने राह चलते लोगों को रुकने पर मजबूर कर दिया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रदर्शन के दौरान विजय कुमार ने कहा कि गैस एजेंसियों में समय पर बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। लोगों को कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है, जिसके कारण आम जनता को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में चोरों का आतंक; रेहड़ी, गुरुद्वारा और घर सहित पांच वारदातें, एक आरोपित गिरफ्तार
केंद्र व राज्य सरकारों पर साधा निशाना
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात और विभिन्न बयानों के बाद बाजार में जमाखोरी और कालाबाजारी को बढ़ावा मिला है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। लोगों को समय पर गैस नहीं मिल रही, जबकि कीमतें भी लगातार दबाव बनाए हुए हैं।
विजय कुमार ने यह भी मुद्दा उठाया कि केवल गैस ही नहीं, बल्कि पेट्रोल पंपों पर भी समय-समय पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इससे साफ है कि जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था में कहीं न कहीं कमी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- लुधियाना में बिजली कर्मियों का धरना; संशोधन बिल रद्द करने और पुरानी पेंशन लागू करने की मांग
गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आम जनता के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया और कहा कि गैस की किल्लत उनके लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।