विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में मूसलाधार बारिश से आफत: मालदेवता में सड़क बही, घरों में घुसा पानी; कई गांव से संपर्क कटा

Published: Mon, 31 Aug 2026 07:39 AM (IST)Updated: Mon, 31 Aug 2026 07:44 AM (IST)

देहरादून में लगातार भारी बारिश से मालदेवता क्षेत्र में सड़कें बह गईं और कई गांवों का संपर्क टूट गया है। ...और पढ़ें

बारिश के बीच से निकलती गाड़ी।

बारिश के बीच से निकलती गाड़ी।

HighLights

  1. मालदेवता में सड़क बही, कई गांवों का संपर्क कटा

  2. टोंस नदी उफान पर, जैंतानवाला में मकान खतरे में

  3. शहर में नदी-नाले उफान पर, घरों में घुसा पानी

जागरण संवाददाता, देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार दो दिन से हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। खासकर मालदेवता क्षेत्र में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है और कई ग्रामीण मार्ग बारिश के तेज बहाव की भेंट चढ़ गए हैं। कई इलाकों में लोगों की आवाजाही प्रभावित होने से ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।

कई गांवों का संपर्क कटा, शहर में घरों में घुसा पानी

मालदेवता से सौंदना गांव होते हुए निर्माणाधीन सांग बांध तक जाने वाली सड़क कुंड गांव के पास अत्यधिक बारिश के कारण बह गई। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से हिंलासवाली, सौंदना, तौलियाकाटल, रगड़गांव, घुड़सवालगांव, शेरा, पसनी, कुंड और हल्द्वाड़ी समेत कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों के सामने आवाजाही के साथ ही आवश्यक वस्तुओं और आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की चुनौती खड़ी हो गई है।

नदी के तेज बहाव के कारण ग्रामीण मार्ग बह गया

सोडा सरोली क्षेत्र में नदी के तेज बहाव के कारण ग्रामीण मार्ग बह गया। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। लगातार बारिश के बीच ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुल-पुलियों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। कौलागढ़ में घरों में बारिश का पानी घुस आया। जबकि, मसंदावाला में जंगल से बरसाती नाले का पानी व मलबा आने से लोग घरों में कैद हो गए।

जैंतानवाला में मकान पर मंडराया खतरा

जैंतानवाला की ग्रामसभा दयानगर में भारी बारिश और टोंस नदी के बढ़े जलस्तर ने सुनीता उपाध्याय के मकान को भी खतरे में डाल दिया है। लगातार पानी बढ़ने से मकान पूरी तरह गिरने की कगार पर पहुंच गया है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और प्रभावित परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसून की जोरदार बारिश: देहरादून, पौड़ी-रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भारी बरसात का ऑरेंज अलर्ट

रिस्पना-बिंदाल समेत नदी-नालों में उफान

बारिश का असर केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। रिस्पना और बिंदाल समेत शहर के तमाम नदी-नाले उफान पर हैं। इनके आसपास बसे क्षेत्रों में जलभराव और कटाव का खतरा बना हुआ है। कौलागढ़ में बारिश का पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- देहरादून तिराहे पर बारिश के बाद खोखली हुई सड़क, एनएच पर बने गड्ढे से राहगीरों को हो रही परेशानी