देहरादून तिराहे पर बारिश के बाद खोखली हुई सड़क, एनएच पर बने गड्ढे से राहगीरों को हो रही परेशानी
ऋषिकेश के देहरादून तिराहे पर भारी बारिश के बाद सड़क का एक हिस्सा धंसकर गहरे गड्ढे में बदल गया, जिससे ...और पढ़ें
-1788130965266_m.webp)
सड़क का एक हिस्सा धंसकर गहरे गड्ढे में बदल गया।
HighLights
देहरादून तिराहे पर बारिश से सड़क धंसकर गहरा गड्ढा बना।
पैदल राहगीरों और वाहनों को आवागमन में भारी दिक्कत हुई।
एनएच विभाग ने गड्ढे की तुरंत मरम्मत का आश्वासन दिया है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश(देहरादून)। शहर के व्यस्ततम मार्ग देहरादून तिराहे के समीप रविवार सुबह सड़क का छोटा हिस्सा खोखला होकर गहरे गड्ढे में तबदील हो गया। जलभराव होने पर पैदल राहगीरों का पैर गड्ढे में फंसने का खतरा बना रहा। गनीमत रही कि सुबह से शाम तक जलभराव की स्थिति नहीं बनी, वरना बड़ा हादसा होता। सुबह से दिनभर पैदल लोग गड्ढे से बच-बचकर जान बचाते हुए निकले। दोपहिया व चौपहिया वाहनों पर भी ब्रेक लगते रहे।
शनिवार शाम से रातभर तेज वर्षा होती रही। इस दौरान देहरादून तिराहा पानी से लबालब रहा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस स्थान पर पहले से ही सड़क धंसी हुई थी, जो शनिवार रात तेज वर्षा के कारण हुए जलभराव से खोखली हो गई। कई लोगों ने इस गड्ढे का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए।
साथ ही कई घंटे गुजरने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सुध न लेने पर भी हैरानी जताई। यह हाल तब हैं जब देहरादून तिराहे पर 24 घंटे यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती रहती है और यहां से वीवीआइपी व अधिकारी गुजरते हैं। बता दें कि पांच दिन पहले सोमेश्वर नगर में भी सड़क खोखली होने से बड़ा गड्ढा बन गया था। लोगों ने निर्माण के लिए जिम्मेदार विभाग पर निर्माण गुणवत्ता के प्रति उदासीन होने का आरोप लगाया था।
एनएच डोईवाला डिवीजन के सहायक अभियंता अमित कश्यप ने कहा कि वर्षाकाल में कई स्थानों पर जल निकासी प्रभावी न होने के कारण अधिक जलभराव होने से सड़क धंसने की शिकायतें मिलती हैं। देहरादून तिराहे के समीप बने गड्ढे को तुरंत ठीक करवाया जा रहा है। यदि एनएच पर इस तरह की कोई समस्या हो तो तुरंत एनएच को सूचित कर सकते हैं। उसका प्राथमिकता में समाधान कराया जाएगा।
