उत्तराखंड में मानसून की जोरदार बारिश: देहरादून, पौड़ी-रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भारी बरसात का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून का प्रकोप जारी है, अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना के चलते देहरादून सहित चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दे

Uttarakhand Weather:
HighLights
देहरादून सहित चार जिलों में दो दिन ऑरेंज अलर्ट।
देहरादून में 24 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश।
पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून के तेवर तल्ख बने हुए हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और अगले दो दिन भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून के तल्ख तेवर बरकरार, दून में 24 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश
राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार शाम से शुरू हुआ भारी बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। शनिवार शाम से रविवार शाम तक दून के विभिन्न हिस्सों में 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदी-नालों के उफान पर आने, जलभराव और भूस्खलन के चलते लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट
देहरादून में अधिकतम तापमान एक ही दिन में करीब पांच डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
अगले दो दिन पहाड़ से मैदान तक सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। चार जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 26.6, 24.2
- पंतनगर, 28.0, 25.4
- मुक्तेश्वर, 20.4, 15.4
- नई टिहरी, 21.0, 16.4
पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंंका
प्रदेश के सभी जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश के दौर की आशंका जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने, जबकि मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
