ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय बहा छात्र, एसडीआरएफ का सर्च आपरेशन जारी
ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान एक संस्कृत छात्र तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ...और पढ़ें
HighLights
संस्कृत छात्र गंगा में नहाते समय बहा
हर्षित उपाध्याय की तलाश में एसडीआरएफ
प्रतिबंधित घाट पर स्नान करते हुआ हादसा
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। साथियों के साथ कथा सुनने आए एक संस्कृत के छात्र के गंगा में नहाते समय तेज बहाव में बह जाने से हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे हिल्टन रैपिड के पास एक युवक के डूबने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने गंगा में खोजबीन शुरू की।

लापता युवक की पहचान 20 वर्षीय हर्षित उपाध्याय पुत्र नंद किशोर, निवासी भीकियासैंण, अल्मोड़ा (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। वह श्रीरंगम लक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन (मथुरा) का छात्र है और साथियों के साथ सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया था।
कथा के बाद वह अपने एक साथी के साथ गंगा स्नान के लिए गया, लेकिन प्रतिबंधित घाट पर नहाते समय तेज धारा की चपेट में आकर बह गया। एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक उसकी तलाश में जुटी रही।
गंगा में डूब रहे पर्यटक को बोटकर्मियों ने बचाया
लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा के तेज बहाव में बह रहे एक पर्यटक को बोटकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई कर सकुशल बचा लिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू से पर्यटक की जान बच गई।
बोट सेवा के प्रबंधक प्रिंस चावला ने बताया कि शनिवार सुबह सच्चा धाम आश्रम के पास ध्रुव घाट पर स्नान के दौरान पर्यटक तेज बहाव में बहने लगा। हाई स्पीड बोट पर तैनात पायलट ने युवक को बहते देखा और दो प्रशिक्षित तैराकों के साथ तुरंत रेस्क्यू शुरू किया।
करीब 35 से 45 सेकेंड में टीम युवक तक पहुंच गई और उसे सुरक्षित बोट में खींचकर घाट पर ले आई। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत सामान्य हो गई। युवक ने अपनी पहचान रितेश कुमार निवासी दक्षिणी दिल्ली के रूप में बताई और बोटकर्मियों का आभार जताया।