ऋषिकेश में गंगा किनारे मुनादी कर हटाए श्रद्धालु, जलस्तर बढ़ने की आशंका पर अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी और गंगा के बढ़ते जलस्तर की आशंका के मद्देनजर ऋषिकेश के गंगा तटों पर पुलिस और एसडीआरएफ मुस्तैद हैं। ...और पढ़ें
HighLights
मौसम विभाग की चेतावनी पर गंगा तटों पर अलर्ट
पुलिस और एसडीआरएफ ने बढ़ाई सुरक्षा व निगरानी
पर्यटकों और श्रद्धालुओं को नदी से दूर रहने की सलाह
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। मौसम विभाग की ओर से मौसम खराब रहने की चेतावनी व गंगा का जल स्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए गंगा तटों पर पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ खासा मुस्तैद रहे।
पुलिस ने मुनादी कर पर्यटक व श्रद्धालुओं को गंगा के समीप जाने से रोका और संभावित खतरे को लेकर चेताते रहे। वहीं, एसडीआरएफ की कई टीमें मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला, ऋषिकेश के गंगा तटों पर रेस्क्यू उपकरणों के साथ तैनात रही।
एसडीआरएफ ने मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला व ऋषिकेश पुलिस के साथ मिलकर गंगा तटों पर पर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।
इस दौरान लोगों को सूचित किया कि विषम मौसम की परिस्थितियों एवं बांध से जल छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर बिना पूर्व सूचना के तेजी से बढ़ सकता है, जिससे लोगों की सुरक्षा को खतरा पहुंच सकता है।
एसडीआरएफ व पुलिस ने गंगा तटों से लगे क्षेत्रों में भी क्षेत्रवासियों को विशेष सतर्कता बरतने को लेकर चेताया।
एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने कहा कि आमजन से मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने व कुछ समय के लिए गंगा में नहाने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में एसडीआरएफ व पुलिस को सूचित करने को कहा गया।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मौसम विभाग का अलर्ट: 7 जिलों में तेज बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 4 और 5 मई को ऑरेंज अलर्ट: भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी