विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड प्रचंड हुआ मानसून: बागेश्वर में नदी-नाले उफनाए, बह गई बाइक

Published: Fri, 04 Sep 2026 03:52 PM (IST)

बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में लगातार बारिश से गधेरे उफान पर हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

HighLights

  1. कपकोट में भारी बारिश से गधेरे उफान पर

  2. डणू के पास तेज बहाव में बही बाइक

  3. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा उपायों की मांग की

जागरण संवाददाता, बागेश्वर  पहाड़ में बारिश का सिलसिला जारी है। कपकोट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गधेरे उफान पर हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है।

कपकोट-डणू खतगेड़ा सड़क पर डणू के निकट तेज बहाव में एक बाइक बहकर सड़क से नीचे गिर गई। गनीमत यह रही कि बाइक सवार बाल-बाल बच गया। मौके पर उपस्थित लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को बहने से बचा लिया।

रपटों को पार करने का जोखिम

इस मार्ग से प्रतिदिन 2000 से अधिक लोग यात्रा करते हैं। पिंडारी मोटर मार्ग जिला और तहसील मुख्यालय को जोड़ता है। जानकारी के अनुसार, डणू के समीप सड़क पर बना यह रपटा कई वर्षों से इसी स्थिति में है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अगले तीन घंटे में भारी बारिश का अलर्ट, केदारनाथ हाईवे बंद होने से कई यात्री फंसे

बरसात के दौरान यहां पानी का बहाव अचानक तेज हो जाता है, जिससे हर साल हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार वाहन चालक और राहगीर तेज बहाव में फंस जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद रपटे को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

बारिश के दौरान पहाड़ की सड़कों पर आवागमन एक चुनौती बन गया है। लोग अपने घरों और गंतव्य तक पहुंचने की जल्दबाजी में उफनते गधेरों और तेज बहाव वाले रपटों को पार करने का जोखिम उठा रहे हैं। डणू का यह स्थान बरसात में लोगों के लिए भय का कारण बना हुआ है।

हाल की घटना ने एक बार फिर यहां सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से रपटे का स्थायी समाधान और बारिश के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- चार दिन की बारिश से लबालब हुई Naini Lake, उठती लहरों से निखर उठी झील की सुंदरता