चार दिन की बारिश से लबालब हुई Naini Lake, उठती लहरों से निखर उठी झील की सुंदरता
नैनीताल में लगातार बारिश से नैनी झील का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे छह इंच पानी की निकासी जारी है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नैनीताल। सरोवर नगरी में पिछले चार दिन की बारिश से नैनी झील लबालब हो गई है और उठती लहरों से झील की सुंदरता निखर उठी है। अलबत्ता झील से जल निकासी जारी है और झील का जलस्तर 88.1 फीट स्थिर रखा जाएगा।
इस बार अलनीनो के कारण पूर्वानुमान लगाया जा रहा था कि मानसून प्रभावित होगा और झील के भरने पर संशय बना हुआ था। मगर अल नीनो का हिमालय राज्यों के मानसून पर कोई असर नहीं दिखा। मानसून के महीनों में वर्षा होती रही और नैनी झील की प्यास बुझती चली गई और सितंबर के पहले दिन हुई 217 मिमी की बारिश ने झील को पूरी तरह भर दिया।
यह बारिश इस वर्ष की एक दिन में सर्वाधिक वर्षा रिकार्ड हुई और इसका बड़ा लाभ प्राकृतिक जलश्रोतों को हुआ, जिससे झील के जलस्तर में बिन बरसात निरंतर वृद्धि हो रही है। झील नियंत्रण कक्ष के अवर अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि झील के जलस्तर में निरंतर वृद्धि हो रही है।
इस माह में झील का जल स्तर 88.1 फीट स्थिर रखा जाएगा। झील का सर्वाधिक जल स्तर 89 फीट है, लेकिन प्राकृतिक जलश्रोतों से झील में पहुंच रहे पानी से जल स्तर में वृद्धि जारी है, साथ ही बारिश की संभावना को ध्यान में रखकर झील का जलस्तर स्थिर रखा जाएगा। फिलहाल झील का जल स्तर 88.2 फीट है और एक इंच जल निकासी झील से की जानी है।
शुक्रवार को सुबह तक बारिश का दौर जारी रहा, फिलहाल मौसम बादलों के साथ सुहावना बना हुआ है। कोहरा भी आ जा रहा है। मौसम विभाग का यलो अलर्ट जारी है। जिसके चलते वर्षा की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में 27 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है। तापमान 23 डिग्री सेल्सियस है।
यह भी पढ़ें- फिर सक्रिय होगा मानसून! 13 सितंबर के आसपास बन सकता है नया लो प्रेशर, पूर्वी भारत में भारी बारिश के आसार
आने वाले दिनों में भी वर्षा जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार हल्की से मध्यम वर्षा आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों में भारी बारिश की संभावना भी बनी रहेगी। उधर आपदा नियंत्रण कक्ष से जारी सूचना के अनुसार जिले में बंद 47 सड़कों में से 24 सड़कों को खोल दिया गया है। बंद 23 सड़कों में अधिकांश ग्रामीण मार्ग हैं।
उधर बारिश से भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल में प्राइमरी कक्षाओं के लिए बने खेल मैदान की दीवार ध्वस्त हो गई है। प्राइमरी कक्षाओं के पास कक्षा कक्ष भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता ने विधायक व जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराते हुए मामले में कार्रवाई का अनुरोध किया है।
