विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘जुग-जुग जीईं योगी जी’ बस में चढ़ते ही फ्री मिला टिकट, मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देने लगी बुजुर्ग महिलाएं

By Fz Khan Edited By: Shivam Yadav
Published: Mon, 31 Aug 2026 03:59 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा शुरू हो गई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा।

  2. लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना शुरू।

  3. सिद्धार्थनगर में पहले दिन 60 महिलाओं ने लाभ उठाया।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जुग-जुग जीईं योगी जी, हमन कय आधा कष्ट भइल दूर। मूसाभार की 65 वर्षीय सिंगारी देवी के चेहरे पर रविवार को यह कहते हुए खुशी साफ झलक रही थी। प्रदेश सरकार की लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या इससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा सुविधा शुरू होने का रविवार पहला दिन रहा।

सिद्धार्थनगर डिपो से पहले दिन करीब 60 बुजुर्ग महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया। डिपो परिसर में बसों के रवाना होने से पहले चालक और परिचालक महिलाओं को योजना की जानकारी देते नजर आए। बस में बैठीं बुजुर्ग महिलाओं के लिए किराये से राहत मिलने की बात किसी सौगात से कम नहीं थी।

सिंगारी देवी ने कहा कि अब किराये की चिंता किए बिना मंदिर और तीर्थस्थलों तक जाना आसान होगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग महिला बिना किसी सहारे के तीर्थयात्रा कर लें, इससे बढ़कर और क्या चाहिए।

योजना को लेकर महिलाओं में उत्सुकता का अंदाजा उस समय भी दिखा, जब बस में बैठीं 70 वर्षीय मेवाती ने डिपो के इंचार्ज राहुल से पूछा, बाबू, ई का योजना है, जेकर बारे में बता रहे हईं?

डिपो इंचार्ज ने उन्हें बताया कि आधार कार्ड में दर्ज आयु के अनुसार 60 वर्ष या अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा मिलेगी।

जानकारी मिलते ही मेवाती के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उन्होंने कहा कि किराया नहीं लगेगा तो अब जरूरी काम के साथ धार्मिक स्थलों की यात्रा भी आसानी से कर सकेंगी।

मेवाती बोलीं, अब बेटा से किराया मांगना न पड़ी

70 वर्षीय मेवाती ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ बाहर आने-जाने में सबसे बड़ी चिंता किराये की रहती है। कई बार मन होने के बावजूद तीर्थ या रिश्तेदारी में जाने का कार्यक्रम टल जाता है। अब बस में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से यह परेशानी काफी कम होगी। उन्होंने सरकार की पहल को बुजुर्ग महिलाओं के लिए राहत देने वाला कदम बताया।

पात्र महिलाओं को यात्रा के समय आयु सत्यापन के लिए निर्धारित पहचान पत्र साथ रखना होगा। परिचालक को पहचान पत्र दिखाने पर निश्शुल्क टिकट जारी किया जाएगा। योजना से वरिष्ठ महिलाओं को आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी।

-बीके गंगवार, एआरएम रोडवेज

यह भी पढ़ें- वरिष्ठ महिलाएं बसों में करने लगीं मुफ्त यात्रा, बलिया में 2.08 लाख मह‍िलाओं को मिलेगा लाभ

यह भी पढ़ें- UP रोडवेज में बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू, लेकिन इस बात का रखें ध्यान, वरना खरीदना होगा टिकट