विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP रोडवेज में बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू, लेकिन इस बात का रखें ध्यान, वरना खरीदना होगा टिकट 

By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 31 Aug 2026 02:34 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार की लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को ...और पढ़ें

सोहराब गेट और भैसाली बस अड्डे पर लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति योजना की पड़ताल

 सोहराब गेट और भैसाली बस अड्डे पर लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति योजना की पड़ताल

HighLights

  1. 60+ उम्र की महिलाओं को यूपी रोडवेज में मुफ्त यात्रा।

  2. योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, मेरठ। लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन की बसों में निश्शुल्क यात्रा की सौगात प्रदेश सरकार ने दी है।

रविवार को जब भैसाली और सोहराब गेट पर पड़ताल की गई तो कई महिलाएं ऐसी मिली जिनके पास आधार कार्ड न होने के कारण वह मुफ्त यात्रा नहीं कर पाई। कुछ महिलाएं ऐसी थी जिन्हें योजना की जानकारी थी वह आधार कार्ड ले कर आई थी। भैसाली बस अड्डे पर देहरादून जाने वाली बस में चढ़ने को तेजी से जा रही आशा ने बताया कि उनके बेटे ने पहले ही बता दिया था इसलिए वह आधार कार्ड ले कर आई हैं। कहा रक्षा बंधन पर भी वह भाई के पास गई थी और निश्शुल्क यात्रा की थी।

भैसाली बस अड्डे पर ही दिल्ली सलेमपुर जाने के लिए नौसबा बस का इंतजार कर रही थी। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड है पर यात्रा हो पाएगी यह पता नहीं। हालांकि पूछताछ केंद्र पर रोडवेज कर्मी ने बताया कि अगर आधार कार्ड में उम्र 60 साल है तो परिचालक शून्य धनराशि का टिकट जारी करेगा। आप निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

सोहराब गेट बस अड्डे पर बस से उतरी जागृति विहार निवासी मंजू ने बताया कि रक्षा बंधन पर तो निश्शुल्क यात्रा की लेकिन वापसी में उनके पास आधार कार्ड नहीं था इसलिए उन्हें 300 रुपये खर्च कर टिकट लेना पड़ा।

बुलंदशहर जाने वाली बस में बैठी शकुंतला ने कहा कि जब वह बस अड्डे पर आई उनके पास आधार कार्ड नहीं था। यहां आ कर पूछताछ केंद्र पर पता लगा कि 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को टिकट नहीं लेना पड़ेगा। इस पर साथ में आया बेटा वापस गया और आधार कार्ड ले कर आया है।

मवाना जाने के लिए बस में बैठी फातिमा ने कहा उनके पास भी आधार कार्ड या पहचान पत्र नहीं है। परिचालक ने कहा कि उसी का निश्शुल्क टिकट बनेगा जिसके पास दोनों दस्तावेजों में से कोई एक होगा और मूल प्रति होगी। इसी बस में बैठे खमेर सिंह ने जेब से आधार कार्ड निकालते हुए कंडक्टर से कहा कि उनका भी निश्शुल्क टिकट बनेगा इस पर उसने कहा कि नहीं यह सुविधा सिर्फ महिलाओं के लिए है।

किठौर से आ रही पवित्रा ने बताया कि उन्होने निश्शुल्क यात्रा की है। कोई परेशानी नहीं हुई। कंडक्टर ने बस आधार कार्ड मांगा था। सोहराब गेट बस अड्डे पर मुरादाबाद जा रही 64 साल की राजबाला और 70 वर्षीय अतरो देवी जानकारी के अभाव में निश्शुल्क यात्रा का लाभ ले नहीं पायी।