अंकित बालियान हत्याकांड: मुठभेड़ की विवेचना मुजफ्फरनगर को, पुलिस हरियाणा में कर रही जांच
हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस हरियाणा पहुंची और दो संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ की तैयारी में है, जो जेल में बंद आरोपियों से लगातार मिली थीं।

अंकित हत्याकांड।
HighLights
मुठभेड़ की विवेचना मुजफ्फरनगर पुलिस को स्थानांतरित
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच हरियाणा में
दो महिलाएं शूटरों से संपर्क में, रडार पर
जागरण संवाददात, शामली। अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे दो शूटरों को पुलिस ने मुठभेड में ढेर कर दिया। इस प्रकरण में एसपी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। चूंकि वादी एसपी शामली है। इसलिए इस प्रकरण की विवेचना मुजफ्फरनगर पुलिस को ट्रांसफर की गई। जबकि अंकित बालियान हत्याकांड की विवेचना थाना प्रभारी कोतवाली ही करेंगे। उन्होंने शनिवार को हरियाणा पहुंचकर कई जिलों में जांच पड़ताल की।
जांच में दो महिलाओं के भी नाम सामने आए है जो हत्याकांड से ठीक एक सप्ताह पहले और बाद में जेल में राकेश उर्फ पंपू और रोहित मोई से मिलने सबसे अधिक गई थी। पुलिस उन महिलाओं से भी जल्द पूछताछ करेगी।
एसपी शामली के वादी होने के कारण डीआईजी सहारनपुर रेंज ने बदला विवेचना का केंद्र
26 अगस्त को अंकित बालियान की कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला आर्यपुरी में चार शूटरों ने हत्या कर दी थी। इस प्रकरण में गोगी गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। 31 अगस्त की सुबह शामली पुलिस ने मुठभेड के दौरान 50-50 हजार रुपये के इनामी शूटर सुमित और मोहित को मुठभेड में ढेर कर दिया था। जबकि इस मामले में अभी एक-एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सत्यम कादयान और आर्यन संधू फरार चल रहे है।
मुठभेड में एसपी एनपी सिंह ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पहले मुठभेड वाले मुकदमे की विवेचना थाना प्रभारी कोतवाली धमेंद्र गौतम को ट्रांसफर की गई थी, लेकिन डीआइजी सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह ने इस प्रकरण की विवेचना मुजफ्फरनगर पुलिस को ट्रांसपर करा दी है। अब मुजफ्फरनगर पुलिस इसकी विवेचना करेगी।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
वहीं, अंकित बालियान हत्याकांड की विवेचना थाना प्रभारी कोतवाली धमेंद्र गौतम कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को हरियाणा के कई जिलों में पहुंचकर कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पुलिस जांच में सामने आया कि अंकित बालियान की हत्या से एक सप्ताह पहले और बाद तक भी दो महिलाएं लगातार जेल में मिलने गई थी। एक महिला ने राकेश उर्फ पंपू और एक ने रोहित मोई से मुलाकात की थी।
शूटरों से मिलीभगत के संदेह में दो महिलाएं रडार पर
सूत्रों ने बताया कि दोनों ही महिलाएं शूटरों के भी संपर्क में रही। ऐसे में पुलिस ने उन महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है। उनसे पूछताछ में बाद यदि उनकी कोई संदिग्ध गतिविधि मिली तो उनका नाम भी मुकदमे में शामिल किया जाएगा। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि चूंकि एसपी शामली इस मुकदमे के वादी है। इसलिए डीआइजी रेंज सहारनपुर ने मुठभेड की विवेचना मुजफ्फरनगर पुलिस को ट्रांसफर करदी।
