हरिद्वार अंकित हत्याकांड: खनन विवाद में हत्या, गंगा में डुबोया शव; चार गिरफ्तार
खनन की मुखबिरी के विवाद में अंकित की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा में डुबोया गया, पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, लक्सर। खनन की मुखबिरी से खफा चार युवकों ने अंकित की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल से बांधा और गंगा में डुबो दिया, ताकि शव पानी की सतह पर न आ सके।
नौ दिन तक लापता रहे अंकित का शव सोमवार को आरोपितों की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से गंगा से बरामद किया गया। शव मोटरसाइकिल से बंधा हुआ था।
पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूर्व विधायक संजय गुप्ता और वर्तमान विधायक मोहम्मद शहजाद ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सौंपरी गांव निवासी अंकित दो अगस्त की रात करीब 11 बजे बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसके भाई अंकुश ने पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
किया चौकी का घेराव कर हंगामा
पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। अंकित का सुराग नहीं लगने से स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया। पांच अगस्त को ग्रामीणों और स्वजन ने रायसी पुलिस चौकी का घेराव कर हंगामा किया था। पुलिस अधिकारियों ने जल्द युवक का पता लगाने का आश्वासन दिया था।
इसी बीच रविवार को अंकुश ने पुलिस को बताया कि उसके भाई अंकित का सौंपरी गांव निवासी सचिन और मेहकार सिंह तथा दल्लावाला गांव निवासी कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से विवाद चल रहा था। अंकुश ने इन्हीं युवकों पर भाई के लापता होने में शामिल होने का शक जताया। पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो संदेह की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपितों ने बताया कि वे खनन के धंधे से जुड़े हैं। अंकित भी खनन के कारोबार से जुड़ा था। आरोपितों का आरोप था कि अंकित उनकी खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मुखबिरी कर उन्हें पकड़वा देता था। इससे उन्हें लगातार नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश में उन्होंने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
आरोपितों ने बताया कि दो अगस्त की रात अंकित जब खनन क्षेत्र की ओर जा रहा था, तभी उन्होंने उसे रोक लिया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल से बांध दिया और गंगा में डुबो दिया। आरोपितों को आशंका थी कि शव पानी में ऊपर आ सकता है, इसलिए उसे बाइक से बांधकर नदी में डुबोया गया। आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर गंगा में तलाशी अभियान चलाया।
एसडीआरएफ की टीम की मदद से मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोटरसाइकिल से बंधा अंकित का शव भी गंगा से बाहर निकाला गया। शव बरामद होने की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे खनन विवाद की बात सामने आई है। चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
