प्रयागराज के यमुनापार में दो सड़क हादसों में दो की मौत, वृद्ध और वृद्धा को ट्रक व ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई। एक वृद्ध को ...और पढ़ें

प्रयागराज के शंकरगढ़ में वृद्ध की मौत के बाद गमगीन परिवार के लोग। जागरण
HighLights
शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई दोनों दुर्घटनाएं
हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक वृद्ध और दूसरी वृद्धा थी। दोनों की जान वाहनों के टक्कर मारने से हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
ट्रैक्टर की टक्कर से रामलाल ने दम तोड़ा
शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के टकटई गांव में शौच करके वापस लौट रहे 62 वर्षीय रामलाल को पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मारी। इससे उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
हाइवा ट्रक ने सूरजकली को टक्कर मारी थी
दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के गाढ़ा कटरा गांव के पास हुई। चित्रकूट से शिवराजपुर की ओर तेज गति से जा रहे हाइवा ट्रक ने बालू की बोरिया भरने जा रही 60 वर्षीय सूरजकली पत्नी श्याम लाल निवासी गाढ़ा कटरा थाना शंकरगढ़ को जोरदार टक्कर मारी। इससे वह सड़क पर जा गिरीं। उनके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई। हाइवा ट्रक लेकर चालक भाग निकला।
