विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज मंडल के रेलवे स्टेशनों पर मिलेंगी आधुनिक होटल जैसी सुविधाएं, मैनपुरी और शिकोहाबाद से होगी शुरूआत

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 07 Sep 2026 07:31 PM (IST)

रेलवे यात्रियों की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए स्टेशनों पर निजी भागीदारी से मल्टी-फंक्शनल सुविधाएं शुरू कर रहा है। ...और पढ़ें

यात्रियों को नसीआर के रेलवे स्टेशनों पर होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। जागरण आर्काइव

यात्रियों को नसीआर के रेलवे स्टेशनों पर होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मैनपुरी-शिकोहाबाद के लिए जारी हुई ई-नीलामी

  2. सूबेदारगंज और छिवकी में भी जल्द होगी सुविधा

  3. सूबेदारगंज व प्रयागराज छिवकी पर भी होगी व्यवस्था

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यात्रियों की यात्रा को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे अब स्टेशनों पर निजी भागीदारी के जरिए मल्टी-फंक्शनल सुविधाएं शुरू करने जा रहा है। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही ठहरने और विश्राम करने के बेहतर विकल्प मिलेंगे।

ई-नीलामी की प्रक्रिया जारी की

एनसीआर के प्रयागराज मंडल ने मैनपुरी और शिकोहाबाद रेलवे स्टेशनों पर पांच साल के अनुबंध के तहत इन सुविधाओं के सेटअप, संचालन और नियमित रखरखाव के लिए ई-आक्शन (ई-नीलामी) की प्रक्रिया जारी की है। इसके तहत मैनपुरी में पहली मंजिल पर तीन आधुनिक रिटायरिंग रूम व एक डार्मेट्री, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर एक एसी वेटिंग रूम-कम-लाउंज तैयार किया जाएगा।

प्रयागराज के दो प्रमुख स्टेशनों पर भी मिलेगी सुविधा 

शिकोहाबाद स्टेशन की पहली मंजिल पर तीन रिटायरिंग रूम व एक डार्मेट्री के अलावा ग्राउंड फ्लोर पर एसी वेटिंग रूम-कम-लाउंज और अतिरिक्त एसी वेटिंग रूम/डार्मेट्री की सुविधा मिलेगी। इस परियोजना के लिए ई-आक्शन की शुरुआत 17 सितंबर को होगी। इसी मॉडल की तर्ज पर प्रयागराज शहर के दो प्रमुख स्टेशनों-सूबेदारगंज और प्रयागराज छिवकी-पर भी यात्रियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं दी जाएंगी।

यात्रियों के समय व पैसा बचेंगे : पीआरओ

इलाहाबाद मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि लंबी दूरी के यात्रियों को ट्रेन बदलने या अगली ट्रेन का इंतजार करने के लिए बाहर महंगे होटलों में नहीं जाना पड़ेगा। स्टेशन पर ही 24 घंटे साफ-सुथरे एसी लाउंज, बजट-फ्रेंडली डार्मेट्री और सुरक्षित रिटायरिंग रूम उपलब्ध रहेंगे। इससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों बचेंगे।

यह भी पढ़ें- रेलवे ग्रुप डी परीक्षा: 13 दिन में भी नहीं जारी हुई उत्तर कुंजी, असमंजस में 28 लाख अभ्यर्थी; परीक्षा परिणाम पर संकट

यह भी पढ़ें- मानिकपुर-इरादतगंज तीसरी रेल लाइन से मुंबई रूट पर ट्रेनों की लेटलतीफी होगी खत्म, 37 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण तय