विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे ग्रुप डी परीक्षा: 13 दिन में भी नहीं जारी हुई उत्तर कुंजी, असमंजस में 28 लाख अभ्यर्थी; परीक्षा परिणाम पर संकट

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 07 Sep 2026 07:12 PM (IST)

रेलवे ग्रुप डी परीक्षा समाप्त होने के 13 दिन बाद भी उत्तर कुंजी जारी न होने से 28 लाख से ...और पढ़ें

रेलवे ग्रुप डी उत्तर कुंजी का अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं।

रेलवे ग्रुप डी उत्तर कुंजी का अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं।

HighLights

  1. तीन से 25 अगस्त तक देश भर में संपन्न हुई थी परीक्षा

  2. 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में हुए थे शामिल

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ग्रुप डी-2025 परीक्षा समाप्त हुए 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन प्रोविज़नल उत्तर कुंजी (आंसर-की) को लेकर असमंजस बरकरार है। सामान्य तौर पर रेलवे भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया के तहत परीक्षा खत्म होने के छह से आठ दिनों के भीतर उत्तर कुंजी जारी कर दी जाती है।

तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी पोर्टल पर लिंक सक्रिय न होने से परीक्षा में शामिल हुए करीब 28.8 लाख अभ्यर्थियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए देशभर से कुल 52,39,760 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।

तीन से 25 अगस्त तक हुई परीक्षा में लगभग 55 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, यानी करीब 28.8 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए। वर्गवार स्थिति देखें तो सर्वाधिक 20,34,679 आवेदन ओबीसी, 14,60,296 एससी और 10,07,850 अनारक्षित वर्ग से आए। इसके अलावा एसटी वर्ग से 4.64 लाख और ईडब्ल्यूएस वर्ग से 2.72 लाख आवेदन दर्ज किए गए। उत्तर कुंजी में हो रही देरी से रेलवे का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर एक बार फिर प्रभावित होने की आशंका खड़ी हो गई है।

उत्तर कुंजी लटकने से आपत्तियां मांगने, संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी जारी करने और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया में सीधा विलंब होगा। इसका असर अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) पर पड़ेगा। आगे प्रस्तावित ग्रुप डी भर्ती 2026, एनटीपीसी (गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियां) और सहायक लोको पायलट (एएलपी) भर्ती की आगामी समय-सारिणी भी गड़बड़ा सकती है। संभावित स्कोर का सही आकलन न होने के कारण छात्र पीईटी की तैयारी को लेकर असमंजस में हैं। सोशल मीडिया पर भी छात्र लगातार प्रक्रिया को गति देने की मांग कर रहे हैं।

आरआरबी के चेयरमैन अभिजीत सिंह ने बताया कि उत्तर कुंजी तैयार करने और तकनीकी जांच की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी सावधानी बरती जा रही है। अभ्यर्थी किसी भी तरह के भ्रम में न आएं, जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर उत्तर कुंजी और आपत्ति दर्ज कराने का लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पहली बार टैबलेट-कंप्यूटर पर होगी रेलवे की विभागीय प्रतियोगी परीक्षा, RRC ने जारी किया विस्तृत शेड्यूल

यह भी पढ़ें- मानिकपुर-इरादतगंज तीसरी रेल लाइन से मुंबई रूट पर ट्रेनों की लेटलतीफी होगी खत्म, 37 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण तय