Ganga Expressway से बदलेगी किसानों की तकदीर, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर; खेतिहर मजदूरों की बढ़ेगी आमदनी
गंगा एक्सप्रेस-वे किसानों के लिए एक नई आर्थिक पहचान बनेगा। प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी के कृषि उत्पादों को दिल्ली-एनसीआर और विदेशी बाजारों तक आसान ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस-वे।
HighLights
दिल्ली तक आसानी से भेजा जा सकेगा केला, आंवला, आलू व अमरूद, मिलेगा उचित दाम
पूर्वी और पश्चिमी उप्र के साथ बिहार व उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में भेजे जा सकेंगे ये फल
दिल्ली-एनसीआर कम समय जाएगा कच्चा माल, वहां से आने वाले उत्पादों की राह होगी आसान
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रदेश की विकास रफ्तार में शामिल गंगा एक्सप्रेस-वे सिर्फ एक तेज सड़क नहीं, बल्कि एक नई आर्थिक पहचान बनने जा रहा है। इस सड़क परियोजना से प्रयागराज के बीच सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ कृषि, वाणिज्य, पर्यटन व उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
कृषि उत्पादों को निर्यात तेज होगा
प्रयागराज, प्रतापगढ़ व कौशांबी के कृषि उत्पादों को कम समय में आसानी से दिल्ली-एनसीआर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मंडियों तक भेजा जा सकेगा। यही नहीं विदेश निर्यात भी बढ़ेगा। इससे यहां के किसानों की तकदीर बदलेगी तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
खास-खास
-1.20 लाख किसानों और खेतिहर मजदूरों की बढ़ेगी आमदनी, कृषि सेक्टर होगा सबसे मजबूत
-12 औद्योगिक नोड्स विकसित किए जा रहे हैं 594 किमी लंबे इस एक्सप्रेसवे के दोनों ओर
-18 लाख पौधे लगाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के लिए, छह-सात घंटे समय की होगी बचत
अमरूद व आलू किसानों को अच्छा लाभ
इस एक्सप्रेस-वे से प्रयागराज के अमरूद और आलू किसानों को अच्छा-खासा लाभ होगा। प्रयागराज और कौशांबी में अमरूद की अच्छी उपज होती है। लगभग डेढ़ हजार किसानों के पास 2200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में अमरूद के बाग हैं। इनमें 12 हजार से ज्यादा श्रमिक लगे हैं। संगम नगरी के सेबिया अमरूद की मांग यूरोपीय देशों तक में है।
एक्सप्रेस-वे की विशेषताएं
- गंगा एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी ताकत इसकी स्ट्रैटेजिक कनेक्टिविटी है। यह एक्सप्रेसवे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इससे उत्तर प्रदेश को देश के बड़े बाजारों, बंदरगाहों और एयर कार्गो नेटवर्क से सीधा फायदा मिलेगा। लाजिस्टिक्स लागत घटेगी और उद्योगों की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
खबरें और भी
- एक्सप्रेसवे के दोनों ओर औद्योगिक नोड्स को इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लाजिस्टिक्स क्लस्टर के रूप में तैयार किया जाएगा, जहां एक ही जगह पर फैक्ट्रियां, वेयरहाउस, लाजिस्टिक्स सुविधाएं और सप्लाई चेन नेटवर्क मौजूद होंगे। ये नोड्स भविष्य में निवेशकों के लिए सबसे बड़े इंडस्ट्रियल डेस्टिनेशन बन सकेंगे।
आंवले के लिए देश में प्रसिद्ध है प्रतापगढ़
प्रयागराज का सोरांव क्षेत्र आलू बेल्ट बोला जाता है। यहां 10 हजार से ज्यादा किसान आलू की खेती करते हैं, जिनमें 30 हजार मजदूर भी हैं। इसी तरह प्रतापगढ़ के आंवला उत्पादन में 3300 किसानों के साथ 16 हजार श्रमिक हैं। प्रतापगढ़ जनपद आंवले के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। यहां की मिट्टी और जलवायु आंवले की बाग के लिए बेहद अनुकूल है।
आंवले के उत्पाद की विदेशों तक मांग
प्रतापगढ़ जिले में करीब 7083 हेक्टेयर में आंवले के बाग हैं। हर साल करीब 74,086 मीट्रिक टन आंवले का उत्पादन होता है। यहां तैयार होने वाले आंवले के उत्पाद लड्डू, मुरब्बा, कैंडी, अचार, जूस, पाउडर और च्यवनप्राश जैसे उत्पाद की मांग देश-विदेश तक है। खासकर केरल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, दिल्ली, कोलकाता के अलावा कनाडा, तंजानिया, सऊदी अरब, अमेरिका, श्रीलंका, बैंकाक आदि देशों में भी मांग है।
कौशांबी में केले की खेती
वहीं कौशांबी में केला की खेती 7500 हेक्टेयर क्षेत्रफल होती है जिसमें तीन हजार से ज्यादा किसान तो 12 हजार से अधिक खेतिहर मजदूर लगे हैं। कोरांव क्षेत्र के बासमती चावल की खाड़ी देशों में मांग हैं। यहां लगभग 2800 किसान लगभग 14,000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बासमती धान की खेती करते हैं, जिसमें 25 हजार से ज्यादा मजदूर लगते हैं।
एक्सप्रेस-वे के शुभारंभ को लेकर प्रयागराज में समारोह
गंगा एक्सप्रेस-वे का शुभारंभ 29 अप्रैल को हरदोई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। वहां होने वाले समारोह का सीधा प्रसारण प्रयागराज में भी होगा। प्रयागराज में गंगा एक्सप्रेसवे सोरांव के जूड़ापुर दांदू गांव के पास से शुरू हो रहा है, जहां 29 अप्रैल को भी कार्यक्रम होगा, जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी शामिल होंगे। सांसद, विधायक व एमएलसी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ लगभग चार हजार लोगों के इस समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
डीएम ने सौंपी जिम्मेदारी
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने इस आयोजन के लिए सीडीओ हर्षिका सिंह, एडीएम नमामि गंगे संजीव शाक्य, डीडीओ जीपी कुशवाहा, एसडीएम सोरांव ज्ञानेन्द्र कुमार को जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जर्मन हैंगर लगाया जा रहा है, जहां हरदोई के समारोह का सीधा प्रसारण होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन का भी सजीव प्रसारण होगा।
उद्यमी व निवेशक समारोह में आमंत्रित
कार्यक्रम की तैयारियों में पराग डेयरी के महाप्रबंधक, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन, डीपीआरओ, विद्युत विभाग के एक्सईएन तथा परियोजना निदेशक डीआरडीए को भी लगाया गया है। सीडीओ ने बताया कि इस समारोह में उन उद्यमियों व निवेशकों को भी बुलाया जा रहा है, जिनके कारोबार को एक्सप्रेस-वे से बढ़ावा मिलेगा तथा निवेश बढ़ सकेगा।