'अर्जुन बेवकूफ' फिल्म की शूटिंग में लाइट, कैमरा, एक्शन...प्रयागराज में हीरो को देखने उमड़ पड़े सिने प्रेमी
प्रयागराज में अर्जुन बेवकूफ फिल्म की शूटिंग चल रही है। फिल्म अर्जुन नामक एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जो अपनी मंजिल पाना चाहता है, पर लोग उसे बेवकूफ सम ...और पढ़ें

प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित धोबीघाट के पास रविवार को फिल्म 'अर्जुन बेवकूफ' फिल्म की शूटिंग देखने जुटी भीड़। जागरण
HighLights
वर्ष 2026 के अंत तक सिने प्रेमियों को प्रयागराज में फिल्माई जा रही यह मूवी देखने को मिलेगी
चर्चित अभिनेता संजय मिश्रा की भी इसमें अहम भूमिका है, शूटिंग के लिए चार दिन शहर में रहेंगे
निर्माता-निर्देशक स्मिता सिंह प्रयागराज की मूल निवासी हैं, आनंद राज 'अर्जुन' की भूमिका में हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। वर्ष 2026 के अंत तक सिने प्रेमियों को प्रयागराज में फिल्माई जा रही मूवी 'अर्जुन बेवकूफ' देखने को मिलेगी। यह एक ऐसे किरदार 'अर्जुन' पर केंद्रित है जाे अपनी मंजिल तो पाना चाहता है लेकिन उसकी गतिविधियां देख कर समाज उसे बेवकूफ समझता है। यह भी दिखाया जाएगा कि लालच किस सीमा तक की जा सकती है और उसके परिणाम कैसे होंगे।
मूवी की ज्यादातर शूटिंग प्रयागराज में
इस मूवी की ज्यादातर शूटिंग प्रयागराज में हो रही है। हिंदी फिल्मों के चर्चित अभिनेता संजय मिश्रा की भी इसमें अहम भूमिका रहेगी। संजय मिश्रा इसके लिए चार दिनों तक शहर में रहेंगे। रविवार काे शूटिंग सिविल लाइंस क्षेत्र में धाेबीघाट चौराहा के पास हुई।
धोबीघाट के पास शूटिंग देखने जुटी भीड़
धोबीघाट पेट्रोल पंप के पास फिल्म निर्माण की एक बड़ी यूनिट देख कर राहगीर भी रुकने लगे। मुख्य सड़क से भीतर लेन में कैमरा, शेड, लाइट, अभिनेता, सहायक कलाकार और निर्माता निदेशक स्मिता सिंह की पूरी टीम जुटी हुई थी। सीन पर कैमरा और लाइट ओके के बाद 'एक्शन' कहते ही अभिनेता आनंद राज, एक कार से बाहर निकले और प्रतिष्ठान में भीतर की ओर गए। शनिवार को शूटिंग नगर निगम गेट के पास और सिविल लाइंस थाने में हुई थी।
ज्यादातर सीन छोटे घरों में फिल्माएंगे
निर्माता निर्देशक स्मिता सिंह मूलरूप से प्रयागराज की हैं। उनकी टीम के एक सहयोगी और मार्केटिंग हेड संस्कार राय ने बताया कि 12 मार्च को शूटिंग शुरू हुई थी। टैगोर टाउन में एक परिवार ने अपने घर में शूटिंग करने का सहयोग दिया था, जबकि उनके बच्चे की हाईस्कूल की परीक्षा चल रही है। उसे अभिनेता आनंद राज 'अर्जुन' के घर के रूप में रखा गया था और वहीं से शूटिंग की शुरुआत हुई। सिविल लाइंस में भी कुछ स्थान चयनित किए गए हैं जहां लोगों के घरों और प्रतिष्ठान में शूटिंग होगी।
खबरें और भी
प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं आनंद राज
फिल्म अर्जुन बेवकूफ के अभिनेता आनंद राज प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। आनंद राज ही इस फिल्म के स्क्रिप्ट लेखक भी हैं। उनके साथ मुख्य अभिनेत्री मालवी मल्होत्रा रहेंगी। राजस्थान की जिगिशा जोशी, कानपुर के थियेटर कलाकार शिखर मिश्रा, राजेश तैलंग और डॉली सिंह भी अहम भूमिकाएं निभाएंगे। इस फिल्म में प्रयागराज, कानपुर और लखनऊ के स्थानीय कलाकारों को भी अवसर दिया जा रहा है।
2021 में बनाई थी मूवी अंडमान
स्मिता सिंह ने पहली मूवी अंडमान बनाई थी। 2021 में यह फिल्मी पर्दे पर आई थी। इसमें भी आनंद राज, राजेश तैलंग, संजय मिश्रा ने अलग-अलग भूमिका निभाई थी। हालांकि वह फिल्म अपेक्षा के अनुसार सिने प्रेमियों पर अपना प्रभाव औसत ही छोड़ पाई थी।