आरा रेल हादसे से प्रयागराज रूट की ट्रेनें घंटों लेट, यात्रियों की बढ़ी मुश्किल
आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से दिल्ली-हावड़ा मुख्य अप लाइन पर रेल यातायात बाधित हुआ। इस ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतरा।
प्रयागराज आने वाली कई ट्रेनें 2-4 घंटे देरी से।
यात्रियों को लाइव रनिंग स्टेटस जांचने की सलाह।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बिहार के आरा जंक्शन पर रविवार तड़के करीब 4:10 बजे न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार रूट से आ रही महानंदा एक्सप्रेस का इंजन और जनरल कोच पटरी से उतर गए। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत दिल्ली-हावड़ा मुख्य अप लाइन पर हुए इस बड़े हादसे के चलते रेल यातायात पूरी तरह चरमरा गया है।
शुरुआती दौर में प्रयागराज पर इसका तत्काल असर नहीं दिखा, लेकिन कुछ ही घंटों में इसका बड़ा प्रभाव प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज रामबाग पहुंचने वाली ट्रेनों पर दिखने लगा है। पूर्व दिशा से आ रही ट्रेनों को पीछे के विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित किए जाने के कारण प्रयागराज आने वाली कई प्रमुख गाड़ियां घंटों देरी से चल रही हैं।
प्रयागराज रूट पर आने वाली गाड़ियों में खुद दुर्घटनाग्रस्त सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (15483) के अलावा हावड़ा से प्रयागराज रामबाग आने वाली विभूति एक्सप्रेस (12333), जोधपुर/बीकानेर जाने वाली हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12307), पंजाब मेल (13005) और नई दिल्ली जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस (12391) प्रमुख रूप से प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा मुंबई व अन्य दिशाओं में जाने वाली गाड़ियां भी इस देरी की चपेट में आ गई हैं।
ट्रैक पर राहत व बचाव कार्य शुरू होने के बाद ट्रेनों को धीमी गति से रवाना किया जा रहा है, लेकिन प्रयागराज तक पहुंचते-पहुंचते इन ट्रेनों का विलंब 2 से 4 घंटे तक बढ़ने की आशंका है। ऐसे में प्रयागराज से आगे कानपुर और दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफार्मों पर लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेनों का लाइव रनिंग स्टेटस जांचने की सलाह दी है।
