विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज-चित्रकूट फोरलेन कॉरिडोर से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, सिर्फ डेढ़ घंटे में पूरा होगा सफर

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:40 PM (IST)

2031 कुंभ के लिए प्रयागराज से चित्रकूट फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग के चौड़ीकरण पर 8315 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रयागराज-चित्रकूट फोरलेन कॉरिडोर से डेढ़ घंटे में पहुंचेंगे चित्रकूट।

  2. प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग का चौड़ीकरण, कुल 8315 करोड़ खर्च।

  3. 2031 कुंभ के लिए कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार को बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। वर्ष 2031 के कुंभ को लेकर संगम नगरी से चित्रकूट और मीरजापुर की कनेक्टीविटी को बेहतर बनाने के लिए सड़क परियोजनाओं की तैयारी शुरू हो गई है। प्रयागराज-राजापुर-चित्रकूट फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर तथा प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग के चौड़ीकरण पर लगभग 8315 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

गुरुवार को मंडलायुक्त डाॅ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में एनएचएआइ की प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में मंडल स्तरीय समन्वय बैठक में तेजी से काम करने पर रणनीति बनाई गई।

फोरलेन ग्रीनफील्ड एक्सेस-कंट्रोल्ड मार्ग के निर्माण पर चर्चा 

प्रयागराज से राजापुर होकर चित्रकूट तक 49.655 किमी लंबे फोरलेन ग्रीनफील्ड एक्सेस-कंट्रोल्ड मार्ग के निर्माण पर चर्चा हुई। लगभग 3821 करोड़ की परियोजना से चित्रकूट-राजापुर-प्रयागराज की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होने के साथ यातायात सुगम होगा।

यह आबादी एवं यातायात बाधाओं से अलग वैकल्पिक मार्ग होगा। इससे समय एवं परिचालन लागत में कमी आएगी। कृषि, व्यापार, पर्यटन एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

प्रयागराज एयरपोर्ट के पास से रिंग रोड और फिर राम वनगमन पथ होते हुए यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनेगा। नैनी के लेप्रोसी चौराहा से मीरजापुर बाईपास तक 80.8 किमी लंबे एनएच-35 को चौड़ा करने पर भी विमर्श हुआ। यह हाईवे कहीं फोरलेन है तो कहीं पर टूलेन है। इसे पूरा फोरलेन बनाया जाएगा।

लगभग 4495 करोड़ रुपये की परियोजना में आवश्यक रियलाइन्मेंट एवं बाईपास भी प्रस्तावित हैं। इससे प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग की यातायात क्षमता में वृद्धि, सड़क सुरक्षा में सुधार, यात्री एवं माल परिवहन में सुगमता आएगी।

कृषि उत्पादों, औद्योगिक, वाणिज्यिक सामग्री परिवहन के साथ व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। परियोजनाओं के अलाइनमेंट से संबंधित निर्णय मंत्रालय स्तर पर हो चुका है।

आर्थिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने की दृष्टि से सुझाव

लेआउट देखकर मंडलायुक्त ने दक्षिण प्रयागराज की आर्थिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने की दृष्टि से सुझाव दिए। कहा कि प्रस्तावित कनेक्टिविटी उत्तरी प्रयागराज की है। परियोजना से संबद्ध किसी संभावित मार्ग अथवा कनेक्टिविटी को दक्षिण प्रयागराज से जोड़ने की संभावनाओं का परीक्षण हो।

पीडीए उपाध्यक्ष ऋषि राज ने माघ मेला एवं कुंभ के दौरान मीरजापुर से आने वाले भारी यातायात को शहर में प्रवेश न देकर वैकल्पिक मार्ग से डायवर्जन की आवश्यकता जताई। मेला अवधि में सिरसा क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर करने तथा मौजूदा ब्राउनफील्ड मार्ग की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने का सुझाव दिया।