प्रतापगढ़ में पूर्व प्रधान की हत्या कर नहर में फेंकी लाश, पांच दिन से लापता थे; हत्यारों को एक महिला ने देखा था?
प्रतापगढ़ के मानधाता थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान गुलहन उर्फ मुन्ना की हत्या कर लाश नहर में फेंकी गई। वह पांच दिन से लापता थे। पुलिस ने सीडीआर के आधा ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में लापता पूर्व प्रधान का नहर में लाश मिलने के बाद जुटे ग्रामीण। जागरण
HighLights
मानधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर मुस्तरका के पूर्व प्रधान थे
सीडीआर के आधार पर एक महिला पुलिस की हिरासत में
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जिले के मानधाता इलाके में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। घर से पिछले पांच दिनों से लापता पूर्व ग्राम प्रधान की बोरे में बंधी लाश रविवार को नहर में मिली। इससे खलबली मच गई। पुलिस ने सीडीआर के आधार पर एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दो दिन पूर्व मऊआइमा में मिली थी बाइक
बताया जाता है कि मिश्रपुर मुस्तरका, मानधाता के पूर्व प्रधान 50 वर्षीय गुलहन उर्फ मुन्ना बाइक से 18 मार्च को घर से कहीं चले गए थे। दो दिन तक उनका कुछ भी पता नहीं चलने पर परिवार के लोग अनहोनी की आशंका जता रहे थे। उनकी बाइक 2 दिन बाद मऊआइमा में मिली थी।
बोरे में बंधी लाश घर के निकट नहर में मिली
रविवार को सुबह करीब 10 बजे बोरे में भरी एक लाश घर से कुछ दूर नहर में मिली। इससे खलबली मच गई और सैंकड़ों लोग जुट गए। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची। कुछ देर तक पहचान नहीं हो सकी कि लाश किसकी है।
एएसपी बोले- गहन जांच-पड़ताल की जा रही है
इधर पुलिस ने सीडीआर के आधार पर एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूर्व प्रधान की हत्या के बाद कुछ लोगों द्वारा लाश फेंके जाने की बात बताई। परिवार के लोगों ने पहचान कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पश्चिमी शैलेंद्र लाल का कहना है कि पूर्व प्रधान की लाश मिली है, घटना की जांच विस्तार से की जा रही है।