ग्रेटर नोएडा हत्याकांड: झूठे प्यार में पड़ धोखे का शिकार हुई मोनिका, संपत्ति पर पहले दिन से थी आरोपियों की नजर
दादरी में मोनिका नागर की कोर्ट मैरिज के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसमें करोड़ों की संपत्ति हड़पने ...और पढ़ें

मृतका की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
मोनिका की संदिग्ध मौत, संपत्ति हड़पने का आरोप।
पति अनुज चौहान सहित 10 पर हत्या का केस।
एक आरोपी गिरफ्तार, बिसरा रिपोर्ट का इंतजार।
राजीव वशिष्ठ, दादरी (ग्रेटर नोएडा)। आधुनिकता की चकाचौंध में झूठे प्यार में पड़ मां की मर्जी के बिना दूसरे समाज के युवक से कोर्ट मैरिज कर धोखे का शिकार हुई मोनिका को जान गंवानी पड़ी। हत्यारोपितों की पहले दिन से ही मोनिका के नाम पर दर्ज करोड़ों की संपत्ति पर नजर थी। ऐसे में शादी के बाद ससुराल पहुंचते ही संपत्ति हथियाने के लिए पति समेत अन्य आरोपितों का झूठा प्यार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के रूप में सामने आया।
मोनिका को गलती का एहसास हुआ, मां से संपर्क कर आपबीती बताई। जब तक मां पहुंची तब तक काफी देर हो चुकी थी। आरोपित मोनिका की हत्या कर शव जला कर ठिकाने लगाने के प्रयास में थे। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित किया गया है। वहीं पुलिस ने एक हत्यारोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बरौला निवासी रेनू नागर की बेटी मोनिका नागर (20) ने चुपके से 17 फरवरी को दादरी कोतवाली क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान के साथ कोर्ट मैरिज कर ली थी। जबकि मोनिका ने जब अपनी मां से अनुज से प्यार करने का जिक्र किया था। तब रेनू ने माेनिका से पूछा था कि अनुज को अपने बारे में क्या-क्या बताया है।
घर से भागकर की थी कोर्ट मैरिज
मोनिका ने अपने नाम की संपत्ति के बारे में भी अनुज को बताने की जानकारी दी थी। तब रेनू ने बेटी से कहा था कि अनुज दूसरे समाज का है, वह तुम्हारे नाम पर दर्ज संपत्ति के लिए प्यार का झूठा नाटक कर रहा है। मोनिका ने उसी से शादी करने की जिद की तो रेनू ने साफ इन्कार कर दिया था। मां को राजी होते नहीं देख मोनिका 16 फरवरी को घर से लापता हो गई थी और अगले दिन कोर्ट मैरिज कर लौटी थी। शादी के बाद से करीब तीन माह से वह ससुराल में ही थी। संपत्ति के लिए पति समेत अन्य ससुरालीजन उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
सात मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मोनिका की मौत हो गई थी। रेनू ने मोनिका के पति अनुज चौहान, सास, ससुर समेत 10 लोगों के खिलाफ गला दबाकर हत्या का मामला दर्ज कराया था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया था। एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। मोनिका के हत्यारोपितों में से एक कन्नू गैस वाले को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं।
जानिए क्या है मामला
पीड़िता की मां रेनू नागर ने मोनिका के पति अनुज चौहान, ससुर हरेन्द्र, देवर, सास, चचिया ससुर समेत 11 लोगों पर बेटी की घर में गला दबाकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया था। मोनिका की सूचना पर पुलिस ने मोनिका का अधजला शव गांव के बाहर चार प्रतिशत आबंटित खाली प्लाट से बरामद पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
