विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी के अवैध संबंध से परेशान होकर पति ने दी जान, 3 साल पहले की थी लव मैरिज; स्वजनों ने जताई हत्या की आशंका

Published: Sat, 09 May 2026 09:44 PM (IST)

पालमपुर के लाहला में शुभम का शव फंदे से लटका मिला, जिसे पहले आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन अब मामला संदिग्ध हो गया है।

स्वजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फोटो जागरण

स्वजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फोटो जागरण

HighLights

  1. शुभम की मौत को परिवार ने हत्या बताया।

  2. पत्नी साधना और प्रेमी अजय पर आरोप।

  3. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया।

संवाद सूत्र, पालमपुर। राम चौक निवासी शुभम की लाहला में किराए के मकान के रसोईघर में फंदे से लटके मिले शव का मामला संदिग्ध बनता जा रहा है। स्वजन अब आत्महत्या को सिरे से खारिज करते हुए इसे हत्या बताते हुए शुभम की पत्नी साधना और उसके कथित प्रेमी अजय कुमार उर्फ बबला पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। जिसके चलते उन्होंने शनिवार को पालमपुर पुलिस थाना में पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

हालांकि, इससे पहले ही पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए अजय कुमार उर्फ बबला निवासी नगरी व शुभम की पत्नी साधना को हिरासत में लिया है। बता दें कि पालमपुर के राम चौक निवासी 29 वर्षीय शुभम कुमार का शुक्रवार दोपहर पालमपुर के लाहला में स्थित किराए के मकान की रसोईघर में गले में फंदे से लटका शव मिला था।

स्वजनों ने शुभम की हत्या के पीछे उसकी पत्नी साधना और अजय कुमार (बबला) के कथित अवैध संबंधों को मुख्य वजह बताया है। शुभम के स्वजनों के अनुसार शुभम का साधना के साथ तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था।

शादी में ढोल बजाने का काम करता था शुभम

विवाह के बाद साधना का ससुराल वालों से मनमुटाव चलता रहा। इसी कारण शुभम इसी वर्ष जनवरी में पत्नी और बेटे के साथ पालमपुर उपमंडल के गांव लाहला में किराए के मकान में शिफ्ट हो गया था। शुभम धार्मिक और अन्य समारोहों में ढोल-बाजा बजाने का काम करता था जिसके कारण वह अक्सर घर से बाहर रहता था।

साधना का मायका पक्ष योल धर्मशाला में रहता है। स्वजनों का कहना है कि अजय कुमार (बबला) जो शुभम की मां के ताया का बेटा है और नगरी में ही रहता है अक्सर साधना से फोन पर लंबी-लंबी बातें किया करता था और अक्सर उसका उनके घर में आना जाना लगा रहता था।

नाई की दुकान भी खोला था

इसी से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। शुभम ने कुछ महीने पहले राम चौक में नाई की दुकान भी खोली थी लेकिन घरेलू कलह के चलते वह लाहला में रहने लगा था। शुभम गुरुवार रात बैजनाथ में माता की चौकी में ढोल बजाने के बाद शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अपने परिवार से मिलने पालमपुर आया था।

इसके बाद वह करीब 9 बजे लाहला स्थित किराए के मकान पर लौट गया। परिवार वालों के अनुसार शुभम की मौत 12 बजे के आस पास हो चुकी थी परंतु किसी ने भी उनसे संपर्क नहीं किया।

जांच में जुटी पालमपुर पुलिस

शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे तक जब उससे संपर्क नहीं हो पाया तो आस पास के लोगों ने उन्हें घटना के बारे में बताया जिसके बाद वह लाहला उसके मकान पहुंचे और रसोई में उसका शव फंदे पर लटका मिला।

शुभम बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था उसके पिता बलदेव कुमार टोकरी बुनाई का काम करते हैं। वह दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई भी ढोल-बाजा बजाने का काम करता है। पालमपुर पुलिस ने शनिवार को शुभम का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।

शाम करीब 4 बजे अंतिम संस्कार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है लेकिन पुलिस अवैध संबंधों के एंगल से भी गहन जांच कर रही है। अजय कुमार (बबला) को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही कोई ठोस निष्कर्ष निकाला जाएगा। मामले की जांच जारी है।