ऑनलाइन मंगाया Android फोन, डिब्बा खोला तो निकला गोबर; ग्रेटर नोएडा के दनकौर में हैरान करने वाला मामला
दनकौर के समसपुर गांव में एक युवक ने ऑनलाइन एंड्रॉइड फोन ऑर्डर किया, लेकिन डिलीवरी में मोबाइल की जगह गोबर ...और पढ़ें

दनकौर कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव में एक युवक ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से एंड्रॉइड स्मार्टफोन ऑर्डर किया था। एआई इमेज
HighLights
ऑनलाइन एंड्रॉइड फोन की जगह मिला गोबर जैसा पदार्थ।
पीड़ित ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल।
दनकौर साइबर सेल में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई।
जागरण संवाददाता, दनकौर (ग्रेटर नोएडा)। ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव में एक युवक ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से एंड्रॉइड स्मार्टफोन ऑर्डर किया था। मंगलवार को जब पार्सल की डिलीवरी हुई और युवक ने डिब्बा खोला, तो उसमें मोबाइल की जगह गोबर जैसा पदार्थ रखा हुआ मिला। पीड़ित ने मामले की शिकायत दनकौर कोतवाली की साइबर सेल से की है।
क्या है पूरा मामला?
समसपुर गांव के निवासी आकाश ने कुछ दिन पहले एक नामी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नया एंड्रॉइड फोन ऑर्डर किया था। मंगलवार को डिलीवरी बॉय पैकेट देकर गया। आकाश ने जब उत्सुकता में पार्सल खोला, तो अंदर फोन का डिब्बा तो था, लेकिन फोन नदारद था। उसकी जगह डिब्बे के भीतर गोबर जैसा सूखा पदार्थ भरा हुआ था।
पीड़ित ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़ित आकाश ने तुरंत डिलीवरी पैकेट और उसके अंदर निकले पदार्थ का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया और मामला चर्चा का विषय बन गया।
साइबर सेल में शिकायत, पुलिस जांच शुरू
ऑनलाइन धोखाधड़ी के इस मामले में पीड़ित ने दनकौर कोतवाली पहुंचकर साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आकाश ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दनकौर पुलिस का कहना है कि ऑर्डर डिटेल्स और डिलीवरी से जुड़ी जानकारियों को खंगाला जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
