मुरादाबाद: कार और डेढ़ लाख दहेज न देने पर बहू को तेजाब से जलाने की धमकी, ससुर पर दुष्कर्म का आरोप
मुरादाबाद में दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को तेजाब से जलाने की धमकी दी गई और ससुर ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
नवविवाहिता बोली- ससुर ने जबरन किया दुष्कर्म, विरोध पर जान से मारने की धमकी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दहेज में डेढ़ लाख रुपये नकद और कार की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पति और ससुर पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। ससुर पर दुष्कर्म करने की बात भी कही है।
आरोप है कि विरोध करने पर उसे तेजाब से जलाकर मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस के भोगपुर मिठौनी निवासी नवविवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी हरथला रेलवे स्टेशन के पास अब्दुल्ला तिराहा निवासी दानिश के साथ हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी।
आरोप है कि पति दानिश और ससुर जरीफ हुसैन उस पर मायके से डेढ़ लाख रुपये नकद और कार लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़ित ने शिकायती पत्र में ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि विरोध करने और दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसे लगातार परेशान किया गया। विवाद के दौरान आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उसे तेजाब से जलाकर जान से मारने की धमकी दी।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि पति दानिश और ससुर जरीफ हुसैन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
