पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी का बड़ा सियासी एलान, मैं फरेंदा से, अमन नौतनवा से लड़ेंगे चुनाव
पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी ने फरेंदा से खुद और बेटे अमनमणि त्रिपाठी को नौतनवा से चुनाव लड़ाने की घोषणा कर ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
अमरमणि त्रिपाठी फरेंदा से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव।
बेटे अमनमणि नौतनवा से होंगे चुनावी मैदान में।
महराजगंज की राजनीति में बढ़ी सियासी सरगर्मी।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले की राजनीति में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की बढ़ती सक्रियता के बीच दिए गए एक बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। फरेंदा के वार्ड नंबर-9 में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान अमरमणि ने फरेंदा से स्वयं चुनाव लड़ने और नौतनवा से अपने बेटे अमनमणि त्रिपाठी को चुनाव मैदान में उतारने की बात कही है।
इंटरनेट मीडिया पर इसका वीडियो भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसके बाद से जिले की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में सजायाफ्ता अमरमणि त्रिपाठी को अच्छे आचरण और उम्र को देखते हुए अगस्त 2023 में रिहा किया गया था। लेकिन इधर अमरमणि की फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता पिछले कुछ समय से चर्चा में रही है। ऐसे में सम्मेलन के दौरान चुनाव लड़ने की घोषणा के तौर पर दिए गए बयान को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, नौतनवा से बेटे को चुनाव लड़ाने की बात सामने आने के बाद जिले की राजनीति में एक साथ दो विधानसभा क्षेत्रों को लेकर नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है। रविवार को सम्मेलन में दिए गए बयान को लेकर समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है, जबकि राजनीतिक दलों और संभावित दावेदारों के बीच भी इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
नौतनवा और फरेंदा क्षेत्र के चौराहों, नुक्कड़ों और कस्बों में भी लोग संभावित चुनावी समीकरणों पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं। समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच भी बयान को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। यदि अमरमणि त्रिपाठी फरेंदा और अमनमणि त्रिपाठी नौतनवा से चुनाव मैदान में उतरते हैं तो दोनों सीटों पर चुनावी माहौल और अधिक गरमाने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- Nepal Flood Live Updates: नेपाल बाढ़ में मरने वालों का आंकड़ा 939 पहुंचा, 4000 से ज्यादा अब भी लापता
अमनमणि त्रिपाठी वर्ष 2017 में नौतनवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। ऐसे में नौतनवा से उनके दोबारा चुनाव लड़ने की चर्चा ने स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। वहीं, पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी ने बताया कि मेरे पिताजी अमरमणि त्रिपाठी फरेंदा विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे और मैं नौतनवा विधानसभा से चुनाव लड़ूंगा।
