श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और मंदिर की व्यवस्थाओं को परखने के बाद जितेंद्र मिश्र दिल्ली वापस, अगले हफ्ते से होंगे सक्रिय
CEO Jitendra Mishra: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को लेकर ट्रस्ट के महासचिव ...और पढ़ें

सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र और महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा के निदेशक धीरेंद्र सिंह
HighLights
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ एयर मार्शल ने दो दिन तक परखा प्रबंधन
तीन को अयोध्या पहुंचने के बाद देखी श्री रामलला मंदिर की व्यवस्था
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र नियुक्ति के अगले ही दिन यानी तीन सितंबर को अयोध्या पहुंचे। दो दिन ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने काम को समझा। शुक्रवार देर शाम को दिल्ली रवाना होने वाले जितेंद्र मिश्र अगले सप्ताह अपनी कामकाज संभाल लेंगे।
राम मंदिर के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्र दो दिन अयोध्या में रहकर शुक्रवार की शाम दिल्ली लौट गए हैं। उन्होंने बताया कि बीते दो दिनों में ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक और मुलाकात करके मंदिर प्रबंधन से जुड़ी समस्त जानकारी ले ली है। उन्होंने शुक्रवार को महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि व कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका की उपस्थिति में कार्यभार भी संभाल लिया है। कार्यालयऔर स्टाफ आदि पर चर्चा भी कर ली।
सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र सब कुछ जानने व समझने के बाद दिल्ली लौट गए हैं। अगले सप्ताह फिर रामनगरी लौटेंगे तो समुचित ढंग से अपना कामकाज शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यों से किसी भी रामभक्त को शिकायत का अवसर नहीं देंगे। प्रत्येक स्तर पर पारदर्शी ढंग से कार्य सम्पन्न होंगे।
बदलेगी राम मंदिर में व्यवस्था
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को लेकर ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव ने बताया कि उनकी विधिवत जॉइनिंग हो चुकी है। अब उनका कर्मचारियों, सुरक्षा, सेवा-पूजा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर है। यहां पर धार्मिक परंपराएं संतों और आचार्यों के मार्गदर्शन में चलेंगी, जबकि प्रशासनिक व्यवस्था आधुनिक तरीके से संचालित होगी।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका के साथ CEO जितेंद्र मिश्र की लगातार बैठकें भी हुई हैं। इन बैठकों में मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं से जुड़े कई मुद्दों के साथ मंदिर के कर्मचारियों, सुरक्षा व्यवस्था, सेवा-पूजा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। ट्रस्ट अब मंदिर की व्यवस्थाओं को ज्यादा व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। मंदिर की बाहरी प्रशासनिक व व्यावहारिक व्यवस्थाओं को आधुनिक और अनुशासित तरीके से संचालित किया जाएगा। यानी धार्मिक व्यवस्था अपनी परंपरा के अनुसार चलेगी, जबकि प्रशासनिक कामकाज में आधुनिक प्रबंधन प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा।
विधायक मैथिली ठाकुर ने दी मिश्र को बधाई
बिहार के दरभंगा की अलीनगर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी की विधायक मैथिली ठाकुर ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले CEO के तौर पर रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्र की नियुक्ति पर कहा कि उन्हें सभी देशवासियों की ओर से बहुत सारी बधाई।
