श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मिला पहला सीईओ, सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को सौंपी गई कमान
Ayodhya: ट्रस्ट के सदस्यों के पद पूर्व महासचिव चंपतराय एवं ट्रस्टी डा. अनिल मिश्र के चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ...और पढ़ें

मणिरामदास जी की छावनी में हुई रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक
HighLights
कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि अब महासचिव एवं महेश भागचंदका कोषाध्यक्ष नियुक्त
तीन नए ट्रस्टियों में महेश भागचंदका, मदनमोहन पाण्डेय एवं डा. निर्मला यादव
जागरण संवाददाता, अयोध्या। सेवानिवृत्त एयर मार्शल एवं गत वर्ष आपरेशन सिंदूर में अपने शौर्य और कौशल की अमिट छाप छोड़ने वाले जितेंद्र मिश्र को राम मंदिर का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। वह आस्था के अति महनीय केंद्र के रूप में निर्मित राम मंदिर के प्रथम सीईओ हैं।
उनकी नियुक्ति का निर्णय मणिरामदास जी की छावनी में हुई रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में किया गया। बैठक में तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य पद के तीन रिक्त पदों पर भी नियुक्ति की गई। ट्रस्ट के सदस्यों के ये पद पूर्व महासचिव चंपतराय एवं ट्रस्टी डा. अनिल मिश्र के चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद जून माह में त्यागपत्र देने तथा गत वर्ष एक अन्य ट्रस्टी एवं अयोध्या राज परिवार के मुखिया बिमलेंद्रमोहन मिश्र के निधन से रिक्त थे।
नवनियुक्त सदस्यों में अयोध्या के ही मदनमोहन पाण्डेय, दिल्ली के महेश भागचंदका एवं शिकोहाबाद की डा. निर्मला यादव हैं। इस दौरान ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव कृष्णमोहन की जगह 2020 में ट्रस्ट गठन के कुछ समय बाद से ही कोषाध्यक्ष का दायित्व संभालने वाले स्वामी गोविंददेव गिरि को स्थायी महासचिव नियुक्त किया गया। बुधवार को ही ट्रस्ट में शामिल किए गए महेश भागचंदका को स्वामी गोविंददेव गिरि की जगह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कृष्णमोहन सदस्य के तौर पर ट्रस्ट में बने रहेंगे।
बैठक में कार्यवाहक महासचिव के रूप में दायित्व निर्वहन के लिए कृष्णमोहन के प्रति आभार भी ज्ञापित किया गया। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष महांत नृत्यगोपाल दास ने की। बैठक में स्वामी गोविंददेव गिरि, महांत दिनेंद्रदास, कृष्णमोहन के अलावा विशेष आमंत्रित सदस्य दिनेश चंद्र, महांत कमलनयन दास, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे, जबकि के पराशरन एवं सीबीएसई के चेयरपर्सन एवं ट्रस्ट में केंद्र सरकार के प्रतिनिधि प्रशांत लोखंडे तथा ट्रस्ट में प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि प्रदेश के गृहसचिव संजय प्रसाद बैठक से आनलाइन जुड़े रहे।
चढ़ावा चोरी में जांच की प्रगति की भी समीक्षा
बैठक में चढ़ावा चोरी के मामले में विशेष जांच दल द्वारा की जा रही जांच की प्रगति की समीक्षा भी की गई। ट्रस्ट ने इस संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेश का स्वागत किया और कहा कि इससे सत्य प्रकाशित होने के साथ जन-मन से भ्रम का निवारण हो सकेगा। बैठक में नकद चढ़ावे की राशि की गणना की प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
ट्रस्ट के पास 1882 करोड़ रुपये
बैठक में वर्ष 2025-26 के वार्षिक आय-व्यय का अनुमोदन भी किया गया। इसके अनुसार वर्ष में कुल आय 237 करोड़ और व्यय 91 करोड़ रुपये हुआ। इनके अतिरिक्त निर्माण आदि कार्यों पर 425 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय हुआ। वित्तीय वर्ष के अंत यानी 31 मार्च 2026 को ट्रस्ट के पास कुल उपलब्ध राशि रु. 1882 करोड़ थी।
