विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bajar Bhav Kanpur Today: अनाज की कीमतों में बड़ा उछाल, एक महीने में गेहूं और मक्का के भाव में तेजी, 300 रुपये तक वृद्धि

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:43 PM (IST)

Bajar Bhav Kanpur Today Latest: कानपुर की गल्ला मंडी में एक महीने में गेहूं और मक्का दोनों के भाव में ...और पढ़ें

यह एक प्रतीकात्मक तस्वीर है।

यह एक प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. एक महीने में गेहूं और मक्का दोनों के भाव में दिखी तेजी

  2. सऊदी अरब और बांग्लादेश में हो रहा गेहूं का निर्यात

  3. कानपुर मंडी में अनाज की कीमतें लगातार मजबूत

जागरण संवाददाता, कानपुर। गल्ला मंडी में अनाज की कीमतों में लगातार मजबूती का रुख देखा जा रहा है। एक तरफ जहां सीमित स्थानीय आवक के साथ विदेशी मांग निकलने से गेहूं के दाम में तेजी बनी हुई है। वहीं कम उत्पादन की वजह से मक्का की आवक भी मंडियों में घट गई है।

इससे मक्का के बाजार में पिछले एक महीने के दौरान 300 रुपये की तेजी देखने को मिली है। लगभग डेढ़ महीने बाद मक्का की नई फसल आने से भाव की तेजी थम सकती है लेकिन गेहूं का निर्यात बढ़ने से भाव तेज होने के आसार बने हुए हैं।


नौबस्ता की गल्ला मंडी में एक महीने पहले 2550 से 2600 रुपये के भाव पर बिकने वाला गेहूं अब 2700 रुपये प्रति क्विटल पर पहुंच गया है। बाजार में इस तेजी की वजह बांग्लादेश और सऊदी अरब समेत खाड़ी देशों से आ रही गेहूं की मांग को बताया जा रहा है। गेहूं के आढ़तियों के अनुसार किसानों का गेहूं लगभग दो महीने पहले ही बिक चुका है।

अब बड़े व्यापारियों के गोदाम में ही गेहूं है। इस बीच निर्यात आर्डर मिलने से गेहूं की नई मांग निकल आई है। नई फसल में छह से सात महीने बाद आएगी। इससे बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है।

दूसरी ओर मक्का का बाजार भी लगातार चढ़त में दिख रहा है। एक महीने पहले तक मक्का का भाव 2300 रुपये प्रति क्विंटल से नीचे था। मंडियों में आवक कम हाेने से भाव लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को मक्का का भाव 2600 रुपये पर पहुंच गया है। मंडियों में कम आवक की वजह मक्का उत्पादन में कमी को माना जा रहा है।

पिछले साल वर्षा के कारण किसानों को मक्का की फसल में नुकसान हुआ था। इस साल खेती कम हुई और दूसरी ओर पोल्ट्री फार्म व पशु आहार समेत मोटा अनाज के तौर पर मांग बढ़ी है। । पिछले वर्ष इसी अवधि में मक्का का भाव 2000 से 2100 प्रति क्विंटल के आसपास था।

करीब तीन साल पहले मक्के की कीमतें 2700 रुपये तक पहुंच गई थीं। कारोबारियों के अनुसार कन्नौज ,कानपुर देहात और इसके आसपास (50 से 80 किमी के दायरे) के ग्रामीण क्षेत्रों से नई फसल की आवक अगले डेढ़ महीने में शुरू हो जाएगी।

 

कांडला पोर्ट से सऊदी अरब और बांग्लादेश जैसे देशों के लिए छिटपुट (कंटेनर आधारित) निर्यात जारी रहने से घरेलू बाजार को सीधा समर्थन मिल रहा है। अभी भाव 2700 रुपये प्रति क्विंटल है। इसके ऊपर जाने की संभावना बनी हुई है।
- विष्णु अग्रवाल, थोक कारोबारी व गेहूं निर्यातक

 


मक्का की फसल इस बार कमजोर है। इसलिए मंडियों में आवक कम है और मांग बनी हुई है। इससे महीने भर में भाव 300 रुपये तक चढ़ गए हैं। डेढ़ महीने में नई फसल आने पर भाव थमने की उम्मीद है।
- महेंद्र गुप्ता, आढ़ती, नौबस्ता गल्ला मंडी

 

यह भी पढ़ें- Kanpur House Collapse: फावड़े से खोदता रहा भतीजा, एक-एक कर निकले अपनों के 4 शव

यह भी पढ़ें- Kanpur News: कानपुर की बदहाल सड़कें इंटरनेट मीडिया पर छाईं, यूजर्स बोले- अरबों खर्च कर शहर में लाए ‘चांद के गड्ढे’