विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतवा नदी में नाव पलटी: मछली पकड़ने गए दो भाई बहे, झांसी पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:26 AM (IST)Updated: Tue, 08 Sep 2026 11:28 AM (IST)

झांसी के बरुआसागर में बेतवा नदी में मछली पकड़ने गए दो सगे भाई नाव पलटने से तेज धारा में बह ...और पढ़ें

बेतवा नदी की फाइल फोटो।

बेतवा नदी की फाइल फोटो।

HighLights

  1. झांसी में बेतवा नदी में नाव पलटने से हादसा

  2. मछली पकड़ने गए दो सगे भाई तेज धारा में बहे

  3. पुलिस और गोताखोरों द्वारा लापता भाइयों की तलाश जारी

जागरण संवाददाता, झांसी। बरुआसागर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेतवा नदी में मछली पकड़ने गए दो सगे भाई नाव पलटने के बाद तेज धारा में बह गए। दोनों युवक अच्छे तैराक बताए जा रहे हैं, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि वे पानी से बाहर नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों के साथ फ्लड कम्पनी की मदद से दोनों की तलाश प्रारम्भ कर दी गई। समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका था।

बरुआसागर के कटरा मोहल्ला निवासी राजू के दो पुत्र राज और मनीष मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे मछली पकड़ने के लिए नाव से बेतवा नदी में गए थे। इन दिनों नदी में पानी का बहाव काफी तेज है। इसी दौरान अचानक उनकी नाव असन्तुलित होकर पलट गई और दोनों भाई नदी में जा गिरे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों ने तैरकर किनारे पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के आगे उनकी कोशिश नाकाम रही। आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में दोनों नदी की तेज धारा में ओझल हो गए।

अच्छे तैराक होने के बावजूद नहीं बचा सके खुद को

घटना की सूचना मिलते ही स्वजन और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। दोनों भाइयों के नदी में बहने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। इसी बीच बरुआसागर थाना प्रभारी प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और सर्च अभियान शुरू कराया।

पुलिस नदी में चला रही है सर्च अभियान

पुलिस ने रानीपुर में तैनात फ्लड कम्पनी को भी सूचना दी। इसके बाद गोताखोरों और बचाव दल की मदद से नदी में दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। पुलिस और बचाव दल नदी में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। नदी के बहाव और आसपास के सम्भावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है। 

यह भी पढ़ें- मैनपुरी में पलटा नेपाल जा रहा टैंकर, गैस रिसाव से मची खलबली; रास्ता बंद

यह भी पढ़ें- कप्तान साहब! 'मुन्ना' को वापस दिला दीजिए, मैनपुरी में लापता भैंसा के लिए गांव वालों ने एसपी से लगाई गुहार

तेज बहाव बना चुनौती

बेतवा नदी में इन दिनों पानी का बहाव तेज होने से बचाव अभियान में भी दिक्कत आ रही है। गोताखोरों की टीम नदी में लगातार तलाश कर रही है, जबकि पुलिस नदी किनारे के क्षेत्रों में भी नजर बनाए हुए है।