विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: डीजल के पैसे मांगने पर सेल्समैन को स्कार्पियो से 5 किमी तक घसीटा, रूह कंपा देने वाली वारदात CCTV में कैद

Published: Fri, 04 Sep 2026 06:14 PM (IST)Updated: Fri, 04 Sep 2026 06:32 PM (IST)

हापुड़ में डीजल के पैसे मांगने पर एक स्कॉर्पियो चालक ने सेल्समैन को 5 किमी तक घसीटा और फिर सड़क पर फेंक दिया।

HighLights

  1. सेल्समैन को डीजल के पैसे मांगने पर घसीटा गया।

  2. स्कॉर्पियो चालक ने 5 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा।

  3. सीसीटीवी फुटेज से आरोपी चालक फरयाद गिरफ्तार, वाहन जब्त।

संवाद सहयोगी, पिलखुवा(हापुड़)। हापुड़ से सटे पिलखुवा में पेट्रोल पंप पर डीजल के रुपये मांगने की कीमत सेल्समैन को जान जोखिम में डालकर चुकानी पड़ी। भुगतान को लेकर भड़के स्कॉर्पियो चालक ने सेल्समैन का हाथ कार के शीशे में फंसा लिया और तेज रफ्तार वाहन दौड़ा दिया।

सेल्समैन मदद के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन चालक नहीं रुका। करीब पांच किलोमीटर तक सड़क पर घसीटने के बाद उसे धक्का देकर फेंक दिया।

रोंगटे खड़े कर देने वाली पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित चालक को गिरफ्तार कर स्कार्पियो बरामद कर ली।

कोतवाली क्षेत्र के छिजारसी कट स्थित अग्रवाल फ्यूलिंग स्टेशन पर दो सितंबर की रात करीब 10 बजे एक स्कार्पियो चालक पहुंचा था। उसने करीब दो हजार रुपये का डीजल भरवाया।

पंकज का हाथ कार के शीशे में फंसाया

सेल्समैन पंकज ने डीजल के रुपये मांगे तो आरोप है कि चालक गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने पंकज का हाथ स्कॉर्पियो के शीशे में फंसा लिया और हापुड़ की ओर तेज गति से वाहन दौड़ा दिया।

आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार।

पंकज के शोर मचाने और वाहन रोकने की गुहार के बावजूद चालक नहीं रुका। करीब पांच किलोमीटर तक उसे घसीटने के बाद आरोपित ने पंकज को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और फरार हो गया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पेट्रोल पंप के मैनेजर नीरज चौहान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुक्रवार को आरोपित को हिंडालपुर बंबा कट स्थित धर्मकांटे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

उसकी पहचान मेरठ के ग्राम ललियाना निवासी फरयाद के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में देर रात सोते समय दो बहनों पर फेंका तेजाब, गंभीर हालत में मेरठ किया रेफर

यह भी पढ़ें- हापुड़ गौरव त्यागी हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले अजय राय, न्याय दिलाने का दिया भरोसा