पाकिस्तान जाने की जिद में हापुड़ से निकली थी तबस्सुम, बीकानेर में पकड़ी गई तो मचा हड़कंप; ATS और IB अलर्ट
पाकिस्तान जाने की जिद में घर से निकली सिंभावली की महिला तवस्सुम के मामले में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। एटीएस, आईबी और एलआईयू जांच कर रही हैं ...और पढ़ें

पाकिस्तान जाने के लिए घर से निकली तबस्सुम को बीकानेर में पकड़ा गया। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
एटीएस ने महिला तवस्सुम से दो घंटे तक पूछताछ की
खुफिया एजेंसियां पाकिस्तान कनेक्शन की गहन जांच कर रही हैं
बीकानेर में मिली महिला, हापुड़ के सिंभावली की निवासी
जागरण संवाददाता, सिंभावली-हापुड़। पाकिस्तान जाने की जिद में घर से निकली सिंभावली क्षेत्र के गांव हरौड़ा की रहने वाली तबस्सुम के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है।
राजस्थान के बीकानेर में महिला के मिलने और वहां भी पाकिस्तान जाने की बात कहने के बाद एटीएस से लेकर आईबी और एलआईयू तक सक्रिय हो गई हैं। शनिवार को एटीएस की टीम सिंभावली थाने पहुंची और महिला से करीब दो घंटे तक पूछताछ की।
टीम ने उसके घर से निकलने से लेकर बीकानेर पहुंचने तक की पूरी जानकारी जुटाई। हालांकि अभी तक महिला के किसी आतंकी संगठन या पाकिस्तान स्थित नेटवर्क से संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ महीनों से पाकिस्तान जाने की जिद कर रही
जांच टीम की जानकारी में आया कि सिंभावली थानाक्षेत्र के गांव हरौड़ा के रहने वाला अमजद कबाड़ का कार्य करते हैं। अमजद के पिता इसत्याक गन्ना, क्रेशर चलाते हैं।
मजद की पत्नी तबस्सुम कुछ महीनों से पाकिस्तान जाने की जिद कर रही थी। वह मंगलवार सुबह चुपचाप पाकिस्तान जाने के लिए निकल गई। गुरुवार को उसके राजस्थान के बीकानेर में मिलने की जानकारी सामने आई।
बीकानेर में पुलिस ने रोका, पति हापुड़ लेकर लौटे
वहां कोर्ट गेट थाना पुलिस ने महिला को रोककर पूछताछ की तो उसने पाकिस्तान जाने की बात कही। महिला से उसके स्वजन के संबंध में जानकारी ली गई और उसके पति से संपर्क किया गया। पति अमजद बीकानेर पहुंचे और महिला को अपने साथ लेकर हापुड़ लौट आए।
एटीएस ने महिला से करीब दो घंटे तक की पूछताछ
महिला तबस्सुम के बीकानेर तक पहुंचने और पाकिस्तान जाने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया। शनिवार को एटीएस की टीम सिंभावली थाने पहुंची।
टीम ने महिला से करीब दो घंटे तक अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन, संपर्क, घर से निकलने के कारण और बीकानेर तक पहुंचने के संबंध में भी जानकारी जुटाए जाने की बात सामने आई है।
आईबी की टीम ने परिवार के लोगों से भी की बातचीत
देर शाम आईबी की टीम भी महिला के घर पहुंची। टीम ने महिला के अलावा उसके परिवार के लोगों से बातचीत कर उसके व्यवहार, संपर्क और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई।
खबरें और भी
महिला पाकिस्तान जाने की बात क्यों कह रही थी और क्या किसी व्यक्ति के संपर्क में थी, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई गई। हालांकि महिला के स्वजन का कहना है कि वह अपने बेटी को पाकिस्तान में पढ़ाने के लिए वहां जा रही थी।
गांव में लोगों से पूछताछ कर दर्ज किए बयान
सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के साथ ही स्थानीय स्तर पर एलआईयू ने भी जांच शुरू कर दी है। गांव में महिला के आसपास रहने वाले लोगों और उसके संपर्क में रहने वालों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए हैं।
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला के पाकिस्तान जाने की इच्छा के पीछे कोई व्यक्ति, संपर्क या अन्य वजह तो नहीं थी।
महिला के संपर्कों का सत्यापन कर रही जांच एजेंसियां
फिलहाल जांच एजेंसियां महिला के बयान और उसके संपर्कों का सत्यापन कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से अभी तक किसी आतंकी कनेक्शन की पुष्टि नहीं की गई है।
मुझको भी थाने पर बुलाया गया था। वहां पर एटीएस और आईबी के अधिकारियों ने महिला और परिवार के बारे में जानकारी जुटाई। उनको सभी जरूरी जानकारी दे दी गई है। इससे ज्यादा बातचीत करने के लिए अधिकारियों ने मना किया है।
- मोहम्मद दानिश, ग्राम प्रधान।
हरौड़ा गांव की तबस्सुम पाकिस्तान जाने के लिए घर से गई थी। वह मानसिक रूप से कमजोर नहीं है। उसके पाकिस्तान जाने की जिद करने का कारण समझ में नहीं आ रहा है। खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने पूछताछ की है। हम पूछताछ में शामिल नहीं रहे हैं। फिलहाल महिला को घर पर भेज दिया गया है।
सुरेश कुमार, एसएचओ , थाना सिंभावली।
यह भी पढ़ें- हापुड़ के आयुष्मान कार्ड धारकों को बड़ा झटका, पैनल से बाहर शहर के 5 अस्पताल; मरीजों की मुश्किलें बढ़ीं
यह भी पढ़ें- हापुड़ में कांवड़ मार्ग पर घूमता दिखा मगरमच्छ, वन विभाग ने लोगों को दी ये चेतावनी