हापुड़ में कांवड़ मार्ग पर घूमता दिखा मगरमच्छ, वन विभाग ने लोगों को दी ये चेतावनी
हापुड़ की छपकौली नहर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मच गया, जिससे शिवभक्तों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम मौके ...और पढ़ें

कांवड़ मार्ग पर मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना फैलते ही शिवभक्तों में दहशत का माहौल बन गया। (तस्वीर एआई से बड़ी की गई है।)
HighLights
हापुड़ की छपकौली नहर में दिखा मगरमच्छ, मचा हड़कंप।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर मगरमच्छ से शिवभक्तों में दहशत फैली।
वन विभाग ने टीम भेजी, लोगों को नहर से दूर रहने को कहा।
हर्ष अग्रवाल, हापुड़। कांवड़ यात्रा के बीच छपकौली नहर में शनिवार दोपहर मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नहर के किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों और शिवभक्तों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी तो, मौके पर भीड़ जुट गई। कांवड़ मार्ग पर मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना फैलते ही शिवभक्तों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी।
छपकौली नहर से होकर कांवड़ मार्ग गुजरता है। सावन में बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। ऐसे में नहर में मगरमच्छ दिखाई देने से सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नहर के आसपास अक्सर ग्रामीण और कांवड़िये रुकते हैं। यदि मगरमच्छ किनारे तक पहुंच गया तो, बड़ा हादसा हो सकता है।
मगरमच्छ दिखाई देने का वीडियो और फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, जिसके बाद आसपास के गांवों में भी इसकी सूचना आग की तरह फैल गई। प्रभागीय वनाधिकारी गौतम सिंह ने बताया कि मगरमच्छ निकलने की सूचना मिली है।
टीम को तत्काल मौके पर भेजा जा रहा है। मगरमच्छ को पकड़ कर उचित स्थान पर छोड़ा जाएगा। अपील की कि कोई भी ग्रामीण या शिवभक्त नहर की तरफ न जाए, अगर उस स्थान से दूसरे स्थान पर मगरमच्छ दिखाई दे तो, तत्काल वन विभाग को सूचना दें।