हापुड़ में दिल्ली रोड पर रातोंरात लगे अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर, सुबह होते ही मचा बवाल
हापुड़ में अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में ...और पढ़ें
HighLights
हापुड़ में अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए गए।
पोस्टर पर आपत्तिजनक टिप्पणी से सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, हापुड़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ हापुड़ में विवादित पोस्टर लगाए जाने से बुधवार सुबह राजनीतिक माहौल गरमा गया।
नगर क्षेत्र के दिल्ली रोड पर अज्ञात लोगों ने अखिलेश यादव के फोटो के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी वाले पोस्टर लगा दिए। पोस्टर सामने आते ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश फैल गया।
हटवाये पोस्टर और लगाने वाले की तलाश हुई तेज
पोस्टर पर लिखा था, 'सबको गाली, सबका अपमान, समाजवाद की यही पहचान।' वहीं, अखिलेश यादव के फोटो के नीचे 'जातिवादी सपाई' लिखा गया था। सुबह राहगीरों और स्थानीय लोगों की नजर पोस्टर पर पड़ी तो इसकी जानकारी सपा नेताओं को दी गई।
इसके बाद बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जताई। मामला बढ़ता देख सपा नेताओं और पुलिस ने सारे पोस्टर हटवा दिए। अब सीसीटीवी के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है।

खंगाल रहे सीसीटीवी फुटेज
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और सपा नेताओं ने पोस्टर हटवा दिए। पोस्टर किसने लगाए, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस करेगी कड़ी कार्रवाई
सपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध का यह तरीका स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टर लगाने वालों की पहचान होने पर कार्रवाई की जाएगी।
