लखनऊ से इंटरसिटी से गोरखपुर पहुंची थी महिला, स्टेशन पर शराब पिलाते CCTV में दिखा रेलकर्मी
गोरखपुर में एक अज्ञात महिला की हत्या की जांच में रेलवे स्टेशन की फुटेज से अहम सुराग मिला है। पुलिस ...और पढ़ें

घटना स्थल पर जांच करते एसपी उत्तरी। -जागरण आर्काइव
HighLights
गोरखपुर में अज्ञात महिला का निर्वस्त्र शव मिला।
रेलवे स्टेशन की फुटेज से रेलकर्मी का सुराग मिला।
पुलिस रेलकर्मी के देवरिया स्थित घर पर दबिश दे रही।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। झंगहा के गहिरा गांव में निर्वस्त्र हालत में मिली अज्ञात महिला की हत्या की जांच में पुलिस को रेलवे स्टेशन के सीसी कैमरे की फुटेज से अहम सुराग मिला है। महिला के साथ दिखाई दिए देवरिया निवासी रेलकर्मी की पहचान होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। रेलकर्मी स्टेशन पर प्वाइंटमैन का काम करता है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला बुधवार रात लखनऊ से इंटरसिटी एक्सप्रेस से गोरखपुर पहुंची थी। रेलवे स्टेशन की सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के दौरान वह रेलकर्मी के साथ दिखाई दी। दोनों के बीच बातचीत के बाद रेलकर्मी महिला को अपने साथ ले गया। फुटेज में दोनों स्कूटी से स्टेशन से बाहर जाते दिख रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले रेलकर्मी महिला को शराब पिलाते हुए भी दिखाई दिया है। रेलवे स्टेशन की अलग-अलग कैमरों की फुटेज से रेलकर्मी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने उसके देवरिया स्थित घर और संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। जांच टीम स्टेशन से निकलने के बाद दोनों के संभावित रास्तों पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस के लिए अब यह पता लगाना अहम है कि स्टेशन से निकलने के बाद महिला और रेलकर्मी कहां गए, कितनी देर साथ रहे और इसके बाद महिला गहिरा गांव तक कैसे पहुंची। महिला के पास मिले मोबाइल की जांच में उसके लखनऊ, वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में होने की जानकारी मिली थी। साइबर विशेषज्ञों की मदद से मोबाइल खोला गया। सीडीआर के आधार पर पुलिस महिला के संपर्क में रहे लोगों और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
गहिरा में मिला था निर्वस्त्र शव:
गुरुवार सुबह गहिरा गांव के भूमिहार टोला में सड़क से करीब 100 मीटर अंदर महिला का निर्वस्त्र शव मिला था। मौके से मोबाइल, ईयरफोन, लोअर, टीशर्ट और चप्पल बरामद हुए थे। चार पहिया वाहन के पहियों के निशान भी मिले थे। रविवार को महिला का पुलिस पोस्टमार्टम कराएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मॉडल शॉप पर शराब के शौकीनों से धोखा, पानी मिलाकर बेच रहे थे ठेकेदार; केस दर्ज
तेज हुई पहचान की कोशिश:
पुलिस अब रेलवे स्टेशन की फुटेज, मोबाइल सीडीआर और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जोड़कर महिला की पहचान और हत्या की पूरी कड़ी तक पहुंचने में जुटी है। महिला की अभी पहचान नहीं हुई है। चर्चा है कि वह लखनऊ की रहने वाली है।
