गोरखपुर चिड़ियाघर में हिप्पो के तालाब में प्लास्टिक की बोतल फेंकना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गोरखपुर चिड़ियाघर में एक युवक ने हिप्पो के बाड़े में प्लास्टिक की बोतल फेंकी, जिसे हिप्पो ने चबाना शुरू कर दिया।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
युवक ने हिप्पो के तालाब में प्लास्टिक बोतल फेंकी।
चिड़ियाघर कर्मचारियों ने तुरंत बोतल निकालकर हिप्पो को बचाया।
आरोपी युवक पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चिड़ियाघर में दो सितंबर की दोपहर हिप्पो के बाड़े के पास एक युवक ने पानी से भरी प्लास्टिक की बोतल तालाब में फेंक दी। बोतल पानी में गिरते ही हिप्पो ने उसे मुंह में पकड़ लिया और चबाने लगा।
यह देखकर चिड़ियाघर कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके मुंह से बोतल बाहर निकाल दी। समय रहते बोतल निकलने से हिप्पो के उसे निगलने का खतरा टल गया। युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
युवक की पहचान महाराजगंज जिले के लवकननगर निवासी संजय यादव के रूप में हुई है। वह चिड़ियाघर घूमने आया था। आरोप है कि हिप्पो को चिढ़ाने के इरादे से उसने जानबूझकर प्लास्टिक की बोतल तालाब में फेंकी।
प्लास्टिक वन्यजीवों के लिए बेहद खतरनाक
वनरक्षक सुमित यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपित से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद रामगढ़ताल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चिड़ियाघर के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्लास्टिक वन्यजीवों के लिए बेहद खतरनाक है। इसे निगलने पर पेट में रुकावट हो सकती है और जानवर गंभीर रूप से बीमार पड़ सकता है। कई मामलों में यह स्थिति जानलेवा भी हो सकती है। घटना के बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था और कड़ी करने का निर्णय लिया है।
