गोरखपुर में रेलकर्मी ने दुष्कर्म के बाद की महिला की हत्या, पुलिस हिरासत में आरोपी
गोरखपुर के झंगहा में मिली महिला की नग्न लाश के मामले में पुलिस ने एक रेलकर्मी को हिरासत में लिया ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में महिला के नग्न शव मामले में रेलकर्मी हिरासत में।
आरोपी ने दुष्कर्म और हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, महिला की पहचान जारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। झंगहा क्षेत्र के गहिरा गांव में मिले महिला के नग्न शव के मामले में पुलिस ने रविवार सुबह देवरिया के बघौचघाट क्षेत्र के रहने वाले एक रेलकर्मी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
गुरुवार सुबह गहिरा गांव के भूमिहारी टोला जाने वाले रास्ते पर महिला का नग्न शव मिला था। जांच में सामने आया कि महिला बुधवार रात गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान एक रेलकर्मी उसे स्कूटी से अपने साथ ले जाता दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस की जांच उसकी तलाश तक पहुंची। रविवार सुबह पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रेलकर्मी ने बताया कि महिला को वह स्कूटी से गहिरा गांव की ओर ले गया था। महिला बोल नहीं पाती थी।
आरोप है कि वहां उसने महिला को शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो उसने महिला का मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह शहर की तरफ चला आया। पुलिस अब हिरासत में लिए गए रेलकर्मी से घटना की कड़ी जोड़ने के लिए पूछताछ कर रही है। घटनास्थल और रेलवे स्टेशन की फुटेज के अलावा उसके मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।
महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी पहचान कराने के लिए जिले की एक पुलिस टीम लखनऊ में छानबीन कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला इससे पहले लखनऊ में देखी गई थी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के गुरु गोरक्षनाथ घाट पर वज्रपात से ढहा गुंबद, एक अधिवक्ता की मौत और एक गंभीर; हंगामा
उसके मोबाइल फोन से जिन लोगों से बातचीत हुई है, पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है, ताकि उसके घर-परिवार और पहचान का पता लगाया जा सके। झंगहा पुलिस रविवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
