गोरखपुर में प्रदर्शनी के बाद कर्मचारियों में खूनी संघर्ष: नशे में जमकर चले लात-घूंसे, युवक की मौत; एक गिरफ्तार
गोरखपुर के खजनी में प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों में हुआ विवाद।
नशे की हालत में मारपीट, विवेक कुमार की हुई मौत।
पुलिस ने आरोपी शिवम कौशल को हिरासत में लिया।
संवाद सूत्र, उरुवा बाजार, (गोरखपुर)। थाना खजनी क्षेत्र के कोटही माता मंदिर के पास शनिवार देर रात प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नशे की हालत में कर्मचारियों ने आपस में जमकर मारपीट की। इस दौरान जिला मैनपुरी निवासी 28 वर्ष विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे कोटही माता मंदिर के पास लगी प्रदर्शनी बंद हो चुकी थी। इसके बाद प्रदर्शनी में काम करने वाले कुछ कर्मचारी आपस में बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि नशे की हालत में कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए सिटी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन और अन्य लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी शिवम कौशल को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। मृतक की मौत के कारणों और मारपीट की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खजनी में मामले की अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- नेपाल आपदा का दूसरा पहलू: पहाड़ में त्रासदी, मैदान में रातभर गुलजार कैसिनो
क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के बीच होने वाले विवाद को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- कमर में पिस्टल खोंसकर दी गोली मारने की धमकी, गोरखपुर में वीडियो वायरल होने के बाद तेज हुई युवक की तलाश
