कमर में पिस्टल खोंसकर दी गोली मारने की धमकी, गोरखपुर में वीडियो वायरल होने के बाद तेज हुई युवक की तलाश
गोरखपुर में एक युवक का सोशल मीडिया पर गोली मारने की धमकी देने वाला वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह ...और पढ़ें

युवक ने धमकाया।
HighLights
युवक ने सोशल मीडिया पर गोली मारने की धमकी दी।
वीडियो में कमर में पिस्टल खोंसे हुए दिखा युवक।
गोरखपुर पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी।
संवाद सूत्र, गोरखपुर। इंटरनेट मीडिया पर गोली मारने की धमकी देने का प्रसारित हो रहा वीडियो पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। वीडियो में दिख रहा कस्बे का युवक किसी को गोली मारने की धमकी देते हुए कह रहा है कि 24 घंटे में गोली नहीं चलाई तो मूंछ मुंडवा लेगा। इसके साथ ही युवक ने चेहरा छिपाकर कमर में पिस्टल खोंसे हुए एक फोटो भी प्रसारित किया है।
वीडियो सामने आने के बाद युवक के फरार होने की चर्चा है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में युवक पीपीगंज थाना क्षेत्र के पचगांवा स्थित गूरम पोखरे पर किसी को गोली मारने की बात कह रहा है।
इसी के साथ उसने एक अन्य फोटो भी प्रसारित किया है, जिसमें चेहरा ढका हुआ है और कमर में पिस्टल नजर आ रही है। फोटो में दिख रहा असलहा वास्तविक है या नकली, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वीडियो प्रसारित होने की जानकारी के बाद पुलिस युवक के घर पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
इसके बाद से उसके घर से फरार होने की बात सामने आ रही है। वीडियो में युवक किसे धमकी दे रहा है और इसके पीछे विवाद क्या है, इसकी भी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में जानकारी मिली है। वीडियो में दिख रहे युवक की तलाश चल रही है।
