दुनिया की 200 नस्लों में से 81 गाजियाबाद में, लैब्राडोर सबसे पसंदीदा; 10 लाख रुपये तक के डॉग भी
गाजियाबाद में विश्व की 200 में से 81 नस्लों के 7,040 कुत्ते वैध रूप से पाले जा रहे हैं, जिनमें ...और पढ़ें

सड़क पर घूमता पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ता। जागरण आर्काइव
HighLights
गाजियाबाद में 81 नस्लों के 7,040 कुत्ते पाले जा रहे।
लैब्राडोर रिट्रीवर सबसे लोकप्रिय, जर्मन शेफर्ड दूसरे स्थान पर।
पालतू कुत्तों का नगर निगम में पंजीकरण अनिवार्य, नियम सख्त।
हसीन शाह, गाजियाबाद। अमेरिकन केनेल क्लब के अनुसार विश्व में 200 नस्ल के कुत्ते हैं। इनमें से गाजियाबाद में कुल 81 नस्ल के कुत्ते पाले जा रहे हैं। कुल 81 में से 79 विदेशी नस्ल के कुत्ते हैं। शहर में कुल 7,040 कुत्ते वैध रूप से पाले जा रहे हैं।
गाजियाबाद के लोगों की पहली पसंद लैब्राडोर रिट्रीवर हैं। शहर में कुल 1,594 लैब्राडोर कुत्ते पाले जा रहे हैं। इसके बाद जर्मन शेफर्ड के 912 और इंडियन डाग यानी देसी 757 कुत्ते पाले जा रहे हैं।
नगर निगम में पालतू कुत्ते का पंजीकरण कराना जरूरी है। इसके लिए नगर निगम की ओर से डाग लाइसेंस की आनलाइन सुविधा उपलब्ध है। पंजीकरण के साथ कुत्ते का वैक्सीनेशन कराया जाना जरूरी है। कुत्ते को बाहर ले जाते समय उसे नियंत्रण में रखना होता है।
हाल में पालतू कुत्तों के काटने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कुत्ते पालने के नियम सख्त किए हैं। उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. अनुज ने बताया कि नगर निगम में 1,594 लैब्राडोर कुत्ते पंजीकृत हैं।
इसकी लोकप्रियता का बड़ा कारण इसका स्वभाव माना जाता है। लैब्राडोर सामान्य तौर पर लोगों के साथ आसानी से घुलता-मिलता है और प्रशिक्षण लेने में सक्षम होता है। शहर में गोल्डन रिट्रीवर के 711 और बीगल के 523 कुत्ते पंजीकरण हैं।
लोग 10 लाख रुपये तक की कीमत के कुत्ते पाल रहे
महंगी नस्लों की कीमत केवल नस्ल से तय नहीं होती। उसकी उम्र, नस्ल की शुद्धता, माता-पिता की ब्लडलाइन, स्वास्थ्य, प्रमाणपत्र और ब्रीडर के आधार पर कीमत काफी बदल सकती है। तिब्बतन मैस्टिफ की कीमत करीब पांच से 10 लाख रुपये तक बताई जाती है।
समोयेड करीब 60 हजार से तीन लाख रुपये और अकिता करीब डेढ़ से चार लाख रुपये तक कीमत के कुत्ते पाले जा रहे हैं। चाउ चाउ की कीमत भी करीब एक से तीन लाख रुपये तक बताई जाती है। गाजियाबाद में तिब्बतन मैस्टिफ के आठ, समोयेड के तीन, अकिता के तीन और चाउ चाउ के 17 कुत्ते पाले जा रहे हैं।
पुलिस और सेना भी रखती है ये कुत्ते
गाजियाबाद में पाले जा रहे ताकतवर और मजबूत शरीर वाली कई नस्लें शामिल हैं। इनमें राटवाइलर, जर्मन शेफर्ड, डाबरमैन, अमेरिकन स्टैफर्डशायर टेरियर, मास्टिफ, बुलमास्टिफ, डोगो अर्जेंटीनो और बेल्जियन मेलिनोइस प्रमुख हैं। राटवाइलर के 182 कुत्ते हैं। डोबरमैन तेज, चौकन्ना और सुरक्षा के लिए उपयोगी माना जाता है।
बेल्जियन मेलिनोइस अपनी फुर्ती, तेज सीखने की क्षमता और काम करने की ऊर्जा के लिए दुनिया की सुरक्षा एजेंसियों में पसंद किया जाता है। जर्मन शेफर्ड और बेल्जियन मेलिनोइस जैसी नस्लें पुलिस और सेना के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
पुलिस जर्मन शेफर्ड और बेल्जियन मेलिनोइस का इस्तेमाल गश्त, सुरक्षा और विस्फोटक या नशीले पदार्थ खोजने जैसे कामों में किया जाता है। लैब्राडोर को भी गंध पहचानने वाले कामों में इस्तेमाल किया जाता है।
कुत्तों की टाप 15 नस्ल और पाले जा रहे कुत्तों की संख्या
1. लैब्राडोर रिट्रीवर - 1,594
2. जर्मन शेफर्ड - 912
3. इंडियन डॉग - 757
4. गोल्डन रिट्रीवर - 711
5. बीगल - 523
6. शिह त्जू - 457
7. पोमेरियन - 332
8. पग - 258
9. अन्य - 246
10. राटविलर - 182
11. ल्हासा एप्सो - 170
12. जर्मन स्पिट्ज - 142
13. साइबेरियन हस्की - 102
14. अमेरिकन स्टैफर्डशायर टेरियर - 91
15. डोबरमैन पिंशर - 51
