गोरखपुर में पागल कुत्ते का आतंक, 42 लोगों को काटकर किया घायल; 6 की हालत गंभीर
गोरखपुर में एक पागल कुत्ते ने बच्चों सहित 42 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिनमें से छह की हालत गंभीर है।

पागल कुत्ते ने 42 लोगों को काटा।
HighLights
उरुवा में पागल कुत्ते ने 42 लोगों को काटा।
छह गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
क्षेत्र में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग तेज।
संवाद सूत्र, उरुवा बाजार। एक पागल कुत्ते ने रविवार को उरुवा क्षेत्र में जमकर आतंक मचाया। सुबह 11 बजे के बाद कुत्ते ने बच्चों समेत 42 लोगों को काटकर घायल कर दिया। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) उरुवा लाया गया। इनमें छह से अधिक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीएचसी में एक साथ बड़ी संख्या में घायल पहुंचे। इनमें शामिल बच्चों की चीख-पुकार से माहौल दर्दनाक हो उठा। घायलों के घाव देखकर अस्पताल में मौजूद अन्य लोग भी आवारा कुत्ते के आतंक से सहम गए।
चिकित्सकों ने सभी घायलों को टिटनेस (टीटी) का इंजेक्शन और एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) का डोज देने में जुट गए। एक के बाद एक 42 घायल अस्पताल पहुंचे। घायलों में कुछ की हालत चिंताजनक देखकर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, लगातार लोगों को काट रहे पागल कुत्ते की चर्चा फैली तो लोग आतंक से भर गए। दहशत के मारे कई लोगों ने बच्चों को खेलने के लिए घर से बाहर नहीं जाने दिया। घटना के बाद कस्बे और आसपास के गांवों में आवारा कुत्तों को लेकर भय और नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी उरुवा डॉ. जेपी तिवारी ने बताया कि रविवार को कुत्ते के काटने से घायल बड़ी संख्या में लोग पीएचसी पहुंचे थे। सभी को टीटी इंजेक्शन और एंटी रैबीज का डोज दिया गया। कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पकड़ा नहीं जा सका कुत्ता
आवारा आतंक से लोग दहशत में हैं। दोपहर से ही लोग कुत्ते को पकड़ने या मारने की मांग करने लगे, लेकिन नगर पंचायत की टीम कुत्ते को पकड़ न सकी। लोगों ने बताया कि कुत्ता जिधर से गुजर रहा है, वहीं किसी न किसी राहगीर को काट ले रहा है।
घायल बच्चों की सूची
भरवलिया: आराध्या (8), आरव (10), पीहू (4)
नकौझा: आर्यन (12)
टाड़ी: फैज (10)
विशुनपुरा: काजल (12)
बड़े-बुजुर्ग भी हुए शिकार: नागेंद्र (50), घनश्याम (30), शैल (62), धनपत (78) सहित अन्य कई लोगों को पागल कुत्ते ने काटा है। लोगों ने बताया कि अचानक से आया कुत्ता काटकर भाग जा रहा था। घायलों की संख्या 42 से अधिक भी हो सकती है।
