Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फतेहपुर में मंगेतर के सामने दुष्कर्म मामले में सियासत तेज, अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तंज

    Updated: Tue, 28 Apr 2026 10:23 PM (IST)

    फतेहपुर में मंगेतर के सामने युवती से दुष्कर्म मामले में सियासत गरमा गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोपी भाजपा कार्यकर्ता को बचाने का आरोप लगाते हुए ...और पढ़ें

    अखिलेश यादव व सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण अर्काइव

    अखिलेश यादव व सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण अर्काइव

    HighLights

    1. अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया।

    2. फरार भाजपा कार्यकर्ता बबलू सिंह पर 50 हजार का इनाम घोषित।

    3. दुष्कर्म पीड़िता के मंगेतर को मिल रही हैं धमकियां।

    जागरण संवाददाता, फतेहपुर। 24 अप्रैल को मंगेतर संग घूमने गई युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म व अश्लील वीडियो बनाकर वसूली मामले में अब सियासत गरमा गई है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बयान दिया है कि आरोपित भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का स्वजातीय है, इसलिए बचा रहे हैं। दूसरी जाति का होता तो अगले चौराहे पर इनकाउंटर हो जाता और घर में बुलडोजर चल जाता।

    सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के साथ दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात की और हर संभव मदद की बात कही। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों के बीच दुष्कर्म के आरोपित भाजपा कार्यकर्ता बबलू सिंह पर 50 हजार का इनाम घोषित कर धरपकड़ को सात टीमें गठित कर सूरत तक छापेमारी की गई है। आरोपित के दोस्त को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। एसपी जांच में दोषी पाए गये कस्बा इंचार्ज अनीश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। मुख्य आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    पुलिस दे रही दबिश

    घटना को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य, बाबू सिंह कुशवाहा, हुसेनगंज से सपा की विधायक ऊषा मौर्य पहले ही भाजपा को घेर चुके हैं। एसपी ने इंटेलीजेंस विंग, एसओजी, सर्विलांस के साथ हथगाम व खागा समेत सात पुलिस टीमें गठित कर रखी हैं जो गुजरात के सूरत के साथ बांदा, कौशांबी, कानपुर में दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बबलू के खागा नगर में रहने वाले एक भाजपा कार्यकर्ता दोस्त को हिरासत में लिया है। पुलिस महकमे में चर्चा है कि पुलिस इनामी के काफी नजदीक पहुंच गई है...। आरोपित की कई फोटो खागा विधायक कृष्णा पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, आरएसएस के पथ संचलन व पुलिस अधिकारियों के साथ भी इंटरनेट मीडिया में प्रचलित हो रही हैं।

    ये था मामला

    खागा कोतवाली के एक गांव की युवती थरियांव क्षेत्र में रहने वाले अपने मंगेतर के साथ बीते 24 अप्रैल को सुबह दस बजे बाइक से बुआ के यहां घूमने जा रही थी। खागा के नौबस्ता चौराहा पर रुककर पास में स्थित बाग में जाकर दोनों बातचीत करने लगे थे। तभी खागा नगर के गढ़ी मोहल्ले में रहने वाले तीनों आरोपित युवराज सिंह, ललित सिंगरौर व भाजपा कार्यकर्ता बबलू सिंह एक-एक करके आ गए और युवती से छेड़खानी कर मंगेतर को बंधक बनाकर पीटा। पीड़िता का आरोप था कि मंगेतर से ढाई हजार की वसूली के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद वीडियो प्रचलित करने की धमकी देकर मंगेतर को धमकाया भी गया। पुलिस ने युवराज व ललित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन बबलू सिंह फरार हो गया।

    खबरें और भी

    पीड़िता से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

    भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि कल उनका एक प्रतिनिधिमंडल पीड़िता से मिलने जाएगा। आरोपित के पार्टी का पदाधिकारी व सदस्य होने की जानकारी नहीं है। अगर आनलाइन सदस्यता ली भी है तो उसे पार्टी से बाहर किया जाएगा। आपराधिक कृत्य वालों की पार्टी में कोई जगह नहीं है। शाम को डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक भी खागा कोतवाली पहुंचे और पीड़ित से बंद कमरे में बात की। एसपी ने कहा कि फरार इनामी की धरपकड़ को टीमें लगी हुई हैं। आरोपित मोबाइल फोन बंद कर फरार है। उसके मिलने-जुलने वालों से जानकारी जुटाई जा रही है। सर्विलांस टीम की मदद से मोबाइल नंबर ट्रेस किया जा रहा है। शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी।

    समझौता के लिए मिल रहीं धमकियां

    दुष्कर्म पीड़िता के मंगेतर का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित है। जिसमें वह बता रहा है कि मुख्य आरोपित बबलू सिंह को मुकदमे से बाहर रखने के लिए उसके ऊपर दबाव बनाया जा रहा है। मामले को रफा-दफा करने के लिए उसे लाखों रुपये का लालच दिया जा रहा है। बात न मानने पर उसको जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

    फरार भाजपा कार्यकर्ता पर 50 हजार इनाम, कस्बा इंचार्ज निलंबित

    दुष्कर्म के फरार भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार करने के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक 25 हजार के घोषित इनाम को बढ़ाकर 50 हजार कर दिया है। जांच में दोषी पाए गये कस्बा इंचार्ज अनीश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। मुख्य आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    प्लाटिंग के धंधे में आरोपित रहता शामिल, खुल रही पर्तें

    मंगेतर को बंधक बनाकर युवती से दुष्कर्म का आरोपित बबलू सिंह खागा के भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह समेत कई नेताओं के प्लाटिंग के व्यवसाय में एजेंट के रूप में काम करता है। कई दिग्गज नेताओं के संरक्षण के चलते आरोपित विवादित भूमि का सौंदा कराता था। क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष अभयप्रताप सिंह समेत कई नेताओं के साथ आरोपित की फोटो इंटरनेट में प्रचलित कर विपक्षी भाजपा को जहां घेरने में लगे है।

    पीड़िता के स्वजन से मिले डीएम-एसपी

    खागा कोतवाली देर शाम डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक के साथ एसडीएम अभिनीत कुमार पहुंचे। जहां पीड़िता के मां व पिता से करीब 20 मिनट तक बातचीत की। इसके बाद डीएम व एसपी चले गये। यह माना जा रहा है कि मामले को राजनीतिक रंग दिए जाने पर प्रशासन सक्रिय हो गया है। स्वजन को समझाने के साथ आरोपित फरार भाजपा कार्यकर्ता की जल्द ही गिरफ्तारी का भरोसा दिया।

    लाइनहाजिर कार्रवाई नहीं, कोतवाल का हो निलंबन

    युवती के साथ दुष्कर्म की घटना 24 अप्रैल को हुई थी इसके बाद दो दिन तक पुलिस मामले को टालने में लगी रही। हालांकि एसपी ने लापरवाही पाए जाने पर कोतवाल रमेश कुमार पटेल को लाइन हाजिर कर दिया था लेकिन सपा नेताओं ने इस कार्रवाई को पर्याप्त नहीं माना। सपा नेता संतोष द्विवेदी ने कहा कि पुलिस ने आरोपितों को बचाने को पूरा प्रयास किया है। कोतवाल पर निलंबन की कार्रवाई होनी चाहिए।

    यह भी पढ़ें- खागा में मंगेतर के सामने युवती से हैवानियत, इंस्पेक्टर लाइनहाजिर, फरार भाजयुमो कार्यकर्ता पर 25 हजार का इनाम

    यह भी पढ़ें- खागा में मंगेतर के सामने युवती से बदसलूकी: निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, फिर ऑनलाइन ऐंठे पैसे; 3 आरोपी हिरासत में