विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सितारगंज हाईवे बन जाने के बाद हटेगा लभेड़ा टोल प्लाजा, बरेली-पीलीभीत तक का सफर होगा टोलमुक्त

Published: Sun, 06 Sep 2026 11:29 AM (IST)

बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे के चौड़ीकरण के बाद लभेड़ा टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे बरेली-पीलीभीत मार्ग टोल मुक्त हो जाएगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. लभेड़ा टोल प्लाजा पीलीभीत से आगे शिफ्ट होगा।

  2. बरेली-पीलीभीत मार्ग हाईवे चौड़ीकरण के बाद टोल मुक्त।

  3. परिवहन मंत्रालय ने एनएचएआई के प्रस्ताव को दी मंजूरी।

जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली से पीलीभीत के बीच में लभेड़ा में टोल प्लाजा है। वर्तमान में बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद लभेड़ा से टोल प्लाजा हटा दिया जाएगा।

यह टोल प्लाजा पीलीभीत के आगे स्थापित किया जाएगा। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर एनएचएआई ने इसे हटवाने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे परिवहन मंत्रालय की स्वीकृति मिल गई है। सितारगंज हाईवे बन जाने पर बरेली से पीलीभीत आने-जाने में टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा।

निर्माण शुरू होने के समय से ही उठी थी मांग

जिले के लोगों को लखनऊ, दिल्ली और नैनीताल की तरफ जाने पर 20 से 25 किमी की दूरी पर टोल टैक्स देना पड़ता है। बरेली-सितारगंज हाईवे का निर्माण शुरू होने के समय से ही मांग उठने लगी थी कि नवाबगंज के पहले लभेड़ा का टोल प्लाजा हटाया जाए।

जनप्रतिनिधियों ने भी इसकी मांग उठाई थी, जिसके बाद एनएचएआई के अधिकारियों ने प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। हाईवे पर टोल टैक्स वसूलने वाली संस्था का दायित्व वाहन चालकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।

टोल प्लाजा की दरें 50 प्रतिशत कम

बरेली-सितारगंज हाईवे पर निर्माण कार्य होने के कारण कई जगह बाधाएं एवं व्यवधान हैं। इसे ध्यान में रखते हुए टोल शुल्क आधा किया गया है। लभेड़ा टोल प्लाजा की दरें 50 प्रतिशत कम कर दी गईं हैं।

कार का टोल शुल्क 70 के बजाय 40 रुपये, व्यावसायिक चार पहिया वाहनों का शुल्क 110 रुपये से घटाकर 65 रुपये कर दिया गया है। बस से पूर्व में 240 रुपये लिए जाते थे, अब 140 रुपये लिए जा रहे हैं। इसी तरह थ्री-एक्सल वाहनों का शुल्क 250 रुपये से घटाकर 160 रुपये कर दिया गया है।

एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर तकनीकी अश्वनी चौहान ने बताया कि लभेड़ा टोल प्लाजा की दरें पहले से ही आधी की गई हैं। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर लभेड़ा टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे शिफ्ट करने का प्रस्ताव परिवहन मंत्रालय को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। बरेली से पीलीभीत तक का सफर टोल मुक्त हो जाएगा। हाईवे का चौड़ीकरण पूर्ण हो जाने के बाद ही इसे शिफ्ट कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में 85.24 करोड़ की लागत से दो सड़कों का होगा चौड़ीकरण, विधायक ने किया शिलान्यास

यह भी पढ़ें- औद्योगिक गलियारे में किसानों की जमीन बिना सहमति शामिल न करें, सड़क के चौड़ीकरण व नवनिर्माण की भी मांग