अयोध्या में 85.24 करोड़ की लागत से दो सड़कों का होगा चौड़ीकरण, विधायक ने किया शिलान्यास
अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में 85.24 करोड़ रुपये की लागत से भेलसर-उमापुर रेछघाट और भेलसर-टिकैतनगर मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण शुरू हो गया है।

85.24 करोड़ की लागत से दो सड़कों का होगा चौड़ीकरण।
HighLights
रुदौली में 85.24 करोड़ की लागत से दो सड़कों का चौड़ीकरण।
भेलसर-उमापुर रेछघाट और भेलसर-टिकैतनगर मार्ग होंगे चौड़े।
आवागमन सुगम होगा, व्यापार और विकास को मिलेगा बढ़ावा।
संवाद सूत्र, बाबाबाजार (अयोध्या)। रुदौली क्षेत्र में मार्ग की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की बड़ी परियोजना शुरू होने जा रही है। भेलसर-उमापुर, रेछघाट व भेलसर-टिकैतनगर मार्ग के निर्माण पर करीब 85 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। भेलसर-उमापुर रेछघाट मार्ग को 12 मीटर और भेलसर-टिकैतनगर मार्ग को 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा।
दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास शनिवार को विधायक रामचंद्र यादव ने किया। दोनों सड़कों के चौड़ीकरण से रुदौली क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही जाम और सड़क हादसों की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। ये मार्ग अयोध्या, बाराबंकी और अमेठी समेत आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग हैं।
सड़क बेहतर होने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। भेलसर-उमापुर रेछघाट मार्ग के चौड़ीकरण पर करीब 57 करोड़ 65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 22.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की वर्तमान चौड़ाई 5.5 मीटर है, जिसे बढ़ा कर 12 मीटर किया जाएगा।
परियोजना के तहत सात मीटर चौड़ी डामर सड़क बनाई जायेगी, जबकि दोनों तरफ 2.50-2.50 मीटर की पटरी का निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग ने परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। निर्माण का जिम्मा मेसर्स राज कंस्ट्रक्शन, सुलतानपुर को दिया गया है। परियोजना के प्रथम चरण के लिए 2.88 करोड़ रुपये की धनराशि भी अवमुक्त हो चुकी है।
निर्माण शुरू होने के बाद इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, भेलसर-टिकैतनगर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर करीब 27 करोड़ 59 लाख रुपये खर्च होंगे। करीब सात मीटर चौड़े इस मार्ग को बढ़ा कर 10 मीटर किया जाएगा। सड़क के दोनों किनारों पर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ी पटरी बनाई जाएगी।
सड़क चौड़ी होने से वाहनों के आवागमन में सुविधा के साथ ही जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। भेलसर-उमापुर रेछघाट मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लोनिवि की ओर से सड़क के दोनों किनारों पर सीमांकन पूरा कर लिया गया है। चौड़ीकरण की जद में आने वाले भवनों और दुकानों पर लाल निशान लगाए गए हैं।
निर्माण कार्य शुरू होने से पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क निर्माण में किसी तरह की बाधा न आए। पीडब्ल्यूडी के जेई मिथलेश कुमार ने बताया कि भेलसर-उमापुर रेछघाट मार्ग की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि सड़कें विकास की बुनियाद होती हैं। दोनों प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंच आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कुलदीप सोनकर, पंकज शर्मा, आशीष वैश्य और विवेक गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
